Vistaar NEWS

भारत-अफगानिस्तान सीरीज के दौरान टिकटों की कालाबाजारी, दिल्ली पुलिस ने 19 लोगों को किया गिरफ्तार

Delhi Police

दिल्ली पुलिस

19 Arrested Over Ticket Black Marketing: भारत और अफगानिस्तान के बीच हाल ही में खेली गई तीन मैचों की टी20 सीरीज के दौरान टिकटों की कालाबाजारी पर दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास के इलाकों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान दिल्ली पुलिस ने टिकटों की अवैध बिक्री के मामले में 19 लोगों को गिरफ्तार किया. रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 71 मैच टिकट के साथ 7,400 रुपये नकद बरामद हुए.

दिल्ली पुलिस ने 19 लोगों को किया गिरफ्तार

दरअसल भारत बनाम अफगानिस्तान फ्रेंडशिप कप टी20 मैचों के दौरान दिल्ली पुलिस ने विशेष अभियान चलाया. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य टिकटों की अवैध बिक्री और री-सेलिंग पर शिकंजा कसना था. बता दें, टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग को लेकर 13 एफआईआर दर्ज हुई थीं, जिसके बाद दिल्ली पुलिस एक्शन में आई थी. पुलिस ने अपनी इस कार्रवाई के दौरान 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया.

यह भी पढ़ें: अफगान कप्तान को जीत के जश्न में शामिल कर श्रेयस अय्यर ने जीता दिल, देखें वीडियो

पुलिस ने टिकटों की अवैध बिक्री की पुष्टि

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी कम कीमत पर हासिल किए गए टिकटों को दर्शकों को कई गुना ज्यादा कीमत में बेचने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस ने इस अभियान के दौरान खुफिया जानकारी, गुप्त निगरानी रखी और डिकॉय यानी नकली ग्राहक बनकर भी टिकटों की अवैध बिक्री की पुष्टि की. डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि पुलिस को इनपुट मिले थे कि कुछ लोग क्रिकेट मैचों के टिकटों को कम दाम पर खरीद कर उसे काफी ज्यादा कीमत पर दर्शकों को बेचने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके बाद विशेष टीम बनाई गई.

3 दिनों तक चला पुलिस का अभियान

पुलिस द्वारा टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए यह अभियान 13 सितंबर, 15 सितंबर और 17 सितंबर को चलाया गया, ये वही तारीखें हैं जब भारत और अफगानिस्तान के बीच मैच खेले गए थे. पहले मुकाबले से एक दिन बाद यानी 14 सितंबर को 4 एफआईआर हुई, जिनमें कुल 5 आरोपी पकड़े गए. इन आरोपियों के पास से 29 टिकट और 3,400 रुपये बरामद किये गए. इसके बाद 15 सितंबर को सबसे ज्यादा 10 आरोपी पकड़े गए, जिनके पास से 31 टिकट और 4000 रुपये बरामद हुए. वहीं 17 सितंबर को 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से 11 टिकट मिले.

Exit mobile version