Vistaar NEWS

IPL 2026: राहुल-पृथ्वी ओपनर, मिलर-स्टार्क भी दिखाएंगे दम, ऐसी हो सकती है DC की संभावित प्लेइंग 11

Delhi Capitals

दिल्ली कैपिटल्स

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की शुरुआत से पहले दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग 11 को लेकर चर्चा तेज हो गई है. फैंस ये जानने के लिए उत्सुक है कि आगामी सीजन में अक्षर पटेल की कप्तानी में डीसी की टीम किन ग्यारह खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरेगी. आईपीएल 2026 के लिए दिल्ली कैपिटल्स की टीम संतुलित नजर आ रही है, जिसमें अनुभव के साथ युवा जोश का मिश्रण नजर आ सकता है.

राहुल-पृथ्वी करेंगे ओपन!

आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से पारी की शुरुआत भारतीय स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल और पृथ्वी शॉ करते नजर आ सकते हैं. सीजन के शुरुआत में अगर शॉ खुद को साबित नहीं कर पाते हैं, तो ऐसे में मैनेजमेंट अभिषेक पोरेल को आजमा सकता है. तीसरे नंबर पर नीतीश राणा बल्लेबाजी करते दिख सकते हैं. आईपीएल 2025 में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 500 से ज्यादा रन बनाए थे. ऐसे में इस सीजन प्लेइंग 11 में उनकी जगह लगभग तय मानी जा रही है.

यह भी पढ़ें: क्या IPL से संन्यास ले रहे MS Dhoni? CSK के कार्यक्रम में बोले- मुश्किल हो रहा है…

मिडिल ऑर्डर में इन खिलाड़ियों को मौका

आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से चौथे नंबर पर साउथ अफ्रीका के दिग्गज खिलाड़ी डेविड मिलर बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं, जबकि पांचवें नंबर पर कप्तान अक्षर पटेल बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं. इसके अलावा छठे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के दाएं हाथ के बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स को मौका दिया जा सकता है. टीम में फिनिशर की भूमिका में आशुतोष शर्मा नजर आ सकते हैं.

गेंदबाजों में इन खिलाड़ियों को मौका

गेंदबाजी विभाग में मिचेल स्टार्क दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य तेज गेंदबाज हो सकते हैं, हालांकि स्टार्क शुरुआती कुछ मुकाबलों में नहीं खेलेंगे. ऐसे में दिल्ली की टीम तेज गेंदबाजी में लुंगी एंनगिडी और टी नटराजन पर भरोसा जता सकती है. टीम में स्पिनर के रूप में विपराज निगम और कुलदीप यादव को मौका मिल सकता है.

IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स की संभावित प्लेइंग 11

केएल राहुल, पृथ्वी शॉ, नीतीश राणा, डेविड मिलर, अक्षर पटेल, ट्रिस्टन स्टब्स, आशुतोष शर्मा, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, लुंगी एंनगिडी/ टी नटराजन , कुलदीप यादव

इम्पैक्ट प्लेयर- मुकेश कुमार, अभिषेक पोरेल

Exit mobile version