IPL 2026: प्रिंस से ये उम्मीद नहीं थी! शुभमन गिल फिर बने जॉश हेजलवुड का शिकार, फाइनल में कर दी बड़ी गलती
शुभमन गिल
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा है. आरसीबी और गुजरात के बीच खेले गए इस मुकाबले में शुभमन गिल पूरी तरह से फेल रहे. इस मैच में तेज गेंदबाज हेजलवुड ने उनका विकेट लिया. आरसीबी के खिलाफ गिल ने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने चौका मारा और दूसरी गेंद पर शॉर्ट आर्म जैब लगाने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले की ऊपरी हिस्से पर लगी.
हेजलवुड ने किया गिल को चलता
गेंद हवा में पीछे की तरफ चली गई मिड ऑफ से गेंद की तरफ भागते हुए आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने आसानी से कैच को लपक लिया. आपको याद दिला दे कि 2023 के विश्व कप में भी शुभमन गिल कुछ इसी तरह से आउट हुए थे. इसी मैदान पर मिचेल स्टार्क की गेंद पर गिल ने शॉर्ट आर्म जैब लगाने की कोशिश की थी। गेंद सीधे मिड ऑन के हाथ में चली गई.
पहली बार इतना खराब रिकॉर्ड
आईपीएल के फाइनल में शुभमन गिल ने 8 गेंदों पर 10 रनों की पारी खेली. हालांकि गिल ने क्वालीफायर टू में शतक मारकर अपनी टीम को जीत दिलवाई थी और गुजरात की फाइनल में एंट्री हुई थी. शुभमन गिल को बड़े मैचों का खिलाड़ी माना जाता है. इससे पहले उन्होंने जितने भी आईपीएल फाइनल खेले हैं, उनमें हमेशा अपनी टीम के लिए बड़ा स्कोर खड़ा किया है. यह पहली बार है जब गिल फाइनल जैसे बड़े मंच पर 20 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सके.
इससे पहले उन्होंने 2021, 2022 और 2023 का फाइनल मैच खेला था. 2021 में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 51 रन, 2022 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ नाबाद 45 रन और 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 39 रन बनाए थे.