Rishabh Pant: वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए बीसीसीआई ने भारतीय स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है. हालांकि इस टीम में ऋषभ पंत को जगह नहीं दी गई हैं. माना जा रहा था कि ईशान किशन के उपलब्ध न होने की वजह से पंत को दूसरे विकेटकीपर के रूप में टीम में शामिल किया जा सकता था, लेकिन सेलेक्टर्स ने उन्हें नजरअंदाज कर ध्रुव जुरेल को टीम में शामिल किया है. पंत को बाहर किए जाने पर अब सवाल उठने शुरू हो गए हैं कि क्या वह अब सिर्फ टेस्ट क्रिकेटर ही बन कर रह गए हैं? टी20 के बाद क्या उनका वनडे करियर भी खत्म हो गया है…
सेलेक्टर्स ने दिया हिंट
दरअसल वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 27 सितंबर से होने जा रहा है. इस आगामी सीरीज के लिए बीसीसीआई ने टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है. टीम का ऐलान करते हुए भारतीय सेलेक्टर्स ने हिंट दे दिया है कि वह अब वनडे टीम में पंत से आगे बढ़ चुके है. इस आगामी सीरीज के लिए टीम मैनेजमेंट पंत की जगह ध्रुव जुरेल पर भरोसा जताया है. मैनेजमेंट के इस फैसले के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि पंत का वनडे करियर लगभग अब खत्म हो गया है.
यह भी पढ़ें: बंद हुए मोहम्मद शमी के लिए टीम इंडिया के दरवाजे? वापसी का इंतजार नहीं हो रहा खत्म
लंबे समय से वनडे टीम से बाहर
टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पिछले दो सालों से भारत की वनडे टीम से बाहर चल रहे हैं. उन्होंने अपना आखिरी वनडे मैच 2024 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था. इसके बाद से वो लगातार इग्नोर किए जा रहे हैं. श्रीलंका के खिलाफ खेले गए उस मैच में पंत ने महज 6 रन बनाए थे और विकेट के पीछे एक कैच लपका था. वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में पंत को जगह नहीं मिलने पर टीम सेलेक्शन प्रोसेस से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि पंत जबरदस्त क्षमता और टैलेंट होने के बावजूद व्हाइट बॉल क्रिकेट में खुद को साबित नहीं कर पाए हैं और इसी वजह से उन्हें टीम में शामिल नहीं किया गया है.
ईरानी कप में मिली बड़ी जिम्मेदारी
भले ही पंत को वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया में जगह नहीं मिली है, लेकिन ईरानी कप में उन्हें रेस्ट ऑफ इंडिया टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है. बता दें, ईरानी कप 2026-27 का मुकाबला 1 से 5 अक्टूबर के बीच रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर और रेस्ट ऑफ इंडिया की टीमों के बीच खेला जाएगा. यह मैच श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में खेला जाएगा.
ऋषभ पंत वनडे करियर
28 वर्षीय भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के वनडे करियर की बात करें तो उन्होंने टीम इंडिया के लिए अब तक कुल 31 वनडे मैच खेले हैं, जिसकी 27 पारियों में उन्होंने 33.5 की औसत से 871 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 5 अर्धशतक और 1 शतक निकला.
