Bumrah Changed Run Up Style: भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट मैच 27 नवंबर से क्राइस्टचर्च में खेला जा रहा है. इस मैच के पहले दिन टीम इंडिया के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अपने प्रदर्शन से ज्यादा गेंदबाजी के नए अंदाज को लेकर चर्चा में आ गए. बुमराह का रन-अप पहले के मुताबिक थोड़ा बदला हुआ नजर आया. उनका यह नया अंदाज देखकर फैंस भी हैरान रह गए. बुमराह ने गेंद को अलग तरीके से पकड़ा और उनकी हैंड पोजीशन में भी अंतर नजर आया.
बीच मैच बदला बॉलिंग रन-अप
दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन जसप्रीत बुमराह के बॉलिंग रन-अप में एक ऐसा बदलाव देखने को मिला, जिसने सभी को हैरान कर दिया. मैच की शुरुआत में तो बुमराह ने अपने नियमित रन-अप के साथ गेंदबाजी की, लेकिन पहला सेशन खत्म होने के बाद उन्होंने इसमें एक ऐसा बदलाव किया, जिसने उनके करियर के शुरुआती दिनों को याद दिला दिया. लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि ये बदलाव क्या था और बुमराह ने इसे क्यों आजमाया?
🔴WTF JASPRIT BUMRAH SUDDENLY CHANGE HIS RUN-UP ACTION 🤯 – Side 1: Bumrah run-up in 1st Test match. – Side 2: Bumrah run-up in 2nd Test match. Hey @grok why Jasprit Bumrah suddenly change his run-up? https://t.co/CD5VxvZONH
— Sam (@cricsam02) November 27, 2026
रन-अप में क्या हुआ बदलाव?
जसप्रीत बुमराह के इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद से ही उनका बॉलिंग एक्शन चर्चा का विषय रहा है. गेंद रिलीज करते वक्त उनके हाथों की पोजिशन तेज गेंदबाजी के नॉर्मल एक्शन से बिल्कुल अलग है. मगर उनका रन-अप भी कुछ अलग ही रहा. क्रीज पर पहुंचने से पहले अपने छोटे से रन-अप के दौरान बुमराह हमेशा से गेंद को दोनों हाथों से सामने की ओर कुछ पकड़ते रहे हैं, जिससे उनके शरीर के साथ एक ट्रायंगल बनता रहा है. क्राइस्टचर्च टेस्ट में पहले दिन के पहले सेशन में बुमराह ने कुछ ऐसी ही गेंदबाजी करना शुरू की. लेकिन दूसरे सेशन में उन्होंने अचानक से अपने इस रन-अप में बदलाव कर दिया. इस बार बुमराह गेंद को दोनों हाथों से पकड़ने के बजाय सिर्फ एक हाथ से गेंद पकड़कर दौड़ते दिखे, जैसा आम-तौर पर ज्यादातर गेंदबाज करते हैं.
कॉमेंट्री पैनल के मेंबर भी बुमराह के इस बदलाव से हैरान रह गए और काफी देर तक इस पर चर्चा करते दिखे. वहीं, बुमराह के इस बदले हुए एक्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा रहा है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने बुमराह का पुराना वीडियो पोस्ट करते हुए भारतीय फैंस को याद दिलाया है कि बुमराह अपने करियर के शुरुआत दिनों में इसी रन-अप के साथ गेंदबाजी करते थे.
