ICC Ranking: आईसीसी ने बुधवार 26 अगस्त को नई टेस्ट रैंकिंग जारी कर दी है, जिसमें भारतीय स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को गेंदबाजी रैंकिंग में नुकसान हुआ है. ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क दुनिया के नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज बन गए हैं. जबकि बुमराह एक पायदान नीचे खिसककर दूसरे स्थान पर आ गए हैं. बता दें, बुमराह ने नवंबर 2025 के बाद से कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है, जिसकी वजह से उन्हें रैंकिंग में नुकसान झेलना पड़ा है.
मिचेल स्टार्क के सिर सजा नंबर-1 का ताज
ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क अब दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज बन गए हैं. उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 2 मैचों में 12 विकेट लेकर यह मुकाम हासिल किया. अपने पूरे करियर में स्टार्क पहली बार नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज बने हैं, उनके 872 रेटिंग पॉइंट हैं. वहीं, भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह उनसे 10 अंक पीछे हैं, जिसके चलते वह दूसरे पायदान पर आ गए हैं.
🚨 NEW NO. 1🚨
— Cricbuzz (@cricbuzz) August 26, 2026
Mitchell Starc displaces Jasprit Bumrah to attain the No. 1 spot in the ICC Men’s Test Bowling Rankings for the first time in his career pic.twitter.com/hT0u4heGTw
यह भी पढ़ें: कप्तान शुभमन गिल या ऋषभ पंत नहीं…इस भारतीय क्रिकेटर ने बनाए टेस्ट में सबसे ज्यादा रन, जानें
बांग्लादेश के खिलाफ किया शानदार प्रदर्शन
मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में घातक गेंदबाजी कर कुल 10 विकेट झटके थे. उनके अलावा ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने भी इस सीरीज में शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 मैचों में 7 विकेट झटके थे. इस दमदार प्रदर्शन का फायदा कमिंस को रैंकिंग में मिला है वह अब चौथे नंबर पर आ गए हैं.
टॉप-10 में सिर्फ एक भारतीय शामिल
आईसीसी की ताजा टेस्ट रैंकिंग में दुनिया के टॉप-10 गेंदबाजों में सिर्फ एक भारतीय शामिल है. बुमराह टॉप-10 में इकलौते भारतीय हैं. टेस्ट रैंकिंग में दूसरे सबसे बेहतर भारतीय गेंदबाज मोहम्मद सिराज है, जिन्हें मौजूदा रैंकिंग में 4 स्थान का नुकसान हुआ है. वह अब 18वें पायदान पर पहुंच गए हैं.
