Fifa World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड की हार के बाद मैदान पर भारी विवाद हो गया. मैच के बाद निराश खड़े इंग्लैंड के स्टार खिलाड़ी जूड बेलिंघम ने अपना आपा खो दिया और अर्जेंटीना के सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी वैलेंटिन बार्को के सिर के पीछे थप्पड़ मार दिया. इस घटना के बाद मैदान पर मौजूद सभी खिलाड़ी इकट्ठा हो गए और देखते ही देखते दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच बहस तेज हो गई.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
जूड बेलिंघम का गुस्सा कैमरे में कैद हो गया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह अर्जेंटीना के सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी वेलेंटिन बार्को के सिर के पीछे हाथ मारते हुए दिखाई दे रहे हैं. दरअसल सेमीफाइनल में जीत दर्ज कर अर्जेंटीना के खिलाड़ी फाइनल में पहुंचने का जश्न मना रहे थे, लेकिन उधर इंग्लैंड का हार बर्दाश्त न कर पाए बेलिंघम ने वेलेंटिन बार्कों पर हाथ उठा दिया. इसके बाद जब मामला गर्म हो गया तब अर्जेंटीना का अनुभवी डिफेंडर निकोलस ओटामेंडी भी बीच बचाव करते दिखाई दिए.
मेसी से भी भिड़ गए थे बेलिंघम
हालांकि ऐसा पहली बार नहीं था कि जब बेलिंघम का खुद पर काबू न रहा हो. इसी मुकाबलें के अंतिम क्षणों में उन्होंने लियोनेल मेसी पर फाउल किया था. इसके बाद दोनों ही खिलाड़ियों के बहस हुई थी. रिपोर्ट्स के मुताबिक बेलिंघम ने मेसी पर डाइव लगाने का आरोप लगाया. स्थिति को बिगड़ता देख अर्जेंटीना के एंजो फर्नांडेज और क्रिस्टियन रोमेरो तुरंत बीच में पहुंचे और बेलिंघम को पीछे किया.
😱 ¡EL ENGANCHÓN DE BELLINGHAM CON LOS JUGADORES DE ARGENTINA TRAS EL FINAL!#NuestroMejorMundial #NuestroMejorMundialAS @jfelixdiaz @as_tv pic.twitter.com/9Y8rlgG2TL
— Diario AS (@diarioas) July 15, 2026
ये रहा मैच का हाल
मैच की बात करें तो इस मैच में शुरुआत से इंग्लैंड आगे बनी हुई थी. लेकिन आखिरी के 8 मिनट में पूरा खेल पलट गया. अर्जेंटीना ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला 2-1 से अपने नाम कर लिया. एंजो फर्नांडेज ने बराबरी का गोल दागा, जबकि लूटरो मार्टिनेज ने निर्णायक गोल कर टीम को लगातार दूसरी बार विश्व कप फाइनल में पहुंचा दिया. अब अर्जेंटीना का फाइनल में स्पेन के साथ भिड़ना होगा.
कब और कहां देखें मैच?
FIFA World Cup 2026 का फाइनल मुकाबला अमेरिका के MetLife Stadium (New Jersey) में 19 जुलाई 2026 (रविवार) को खेला जाएगा. भारतीय समय के अनुसार मैच 20 जुलाई की रात 12:30 बजे (IST) शुरू होगा. भारत में FIFA World Cup 2026 की आधिकारिक डिजिटल स्ट्रीमिंग ZEE5 पर उपलब्ध है.
यह भी पढ़ें: IND vs ENG: दूसरे ODI में बारिश डालेगी खलल या पूरा होगा मैच? जानें कैसा रहेगा कार्डिफ का मौसम
