Former Cricketer Viral Photos: टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर केदार जाधव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. जाधव मंगलवार (20 अक्टूबर) को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विजयादशमी कार्यक्रम में शामिल हुए. पुणे के डेक्कन जिमखाना कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने आरएसएस के पथ संचलन में भाग लिया. पूर्व बल्लेबाज ने संघ का गणवेश पहना और हाथ में दंड लिए नजर आए. उन्होंने सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर तस्वीरें और वीडियो शेयर किए.
सोशल मीडिया पोस्ट में क्या लिखा?
केदार जाधव ने मराठी भाषा में पोस्ट किया. लिखा कि संघ का ‘पथ संचलन’ केवल अनुशासित कदमताल का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि ये समाज में एकता, भाईचारे, संस्कारों और राष्ट्र निष्ठा को सुदृढ़ करने का एक संकल्प है. हर कदम एक गहरा संदेश देता है. समाज व्यक्ति से ऊपर है, सेवा स्वार्थ से परे है और राष्ट्रहित सर्वोपरि है.
उन्होंने आगे लिखा कि यह पथ-संचलन सामूहिक भावना के माध्यम से समाज के उत्थान की दिशा में काम करने की प्रेरणा देता है. यह सब हमारी संस्कृति, हमारे मूल्यों और हमारे राष्ट्र के सम्मान को अक्षुण्ण रखते हुए किया जाता है.
करियर पर एक नजर
अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में केदार जाधव ने श्रीलंका के खिलाफ 16 नवंबर 2014 को वन-डे क्रिकेट से पदार्पण किया था. उन्होंने भारत के लिए 73 वन-डे इंटरनेशनल मैच खेले हैं. 42.09 के औसत से जाधव ने 1389 रन बनाए थे. दो शतक और 6 अर्धशतक भी बनाए. बॉलिंग में उन्होंने हाथ आजमाया और कुल 27 विकेट लिए. टी-20 क्रिकेट की बात करें तो जाधव ने कुल 9 मुकाबले खेले और मात्र 58 रन बनाए. इस तरह देखा जाए तो उनका स्ट्राइक रिकॉर्ड 123.23 रहा.
ये भी पढ़ें: रजनीकांत के जबरा फैन निकले संजू सैमसन, ‘जेलर 2’ के लिए बुक कर डाला पूरा थिएटर
इंडियन प्रीमियर लीग में केदार जाधव ने चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेला. IPL करियर की बात करें तो उन्होंने 95 मैचों में 1195 रन बनाए. स्ट्राइक रेट 123.17 रहा और इसके साथ ही 4 हाफ सेंचुरी भी जड़ीं. 41 साल के जाधव ने 3 जून 2024 को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया.
