Vistaar NEWS

मुंबई इंडियंस को मिला नया हेड कोच, काइरन पोलार्ड ने महेला जयवर्धने की जगह संभाली MI की कमान

Kieron Pollard

काइरन पोलार्ड

Kieron Pollard: आईपीएल 2027 के सीजन से पहले मुंबई इंडियंस को नया हेड कोच मिल गया है. फ्रेंचाइजी ने वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर काइरन पोलार्ड को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है. पोलार्ड ने महेला जयवर्धने की जगह एमआई की कमान संभाली है. पोलार्ड और मुंबई का रिश्ता बेहद पुराना है कैरेबियाई खिलाड़ी साल 2010 से फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हुए हैं. इसके अलावा पिछले 4 सीजन से वह बतौर बैटिंग कोच टीम से जुड़े रहे हैं.

पांच बार चैंपियन बनने वाली टीम का रहे हिस्सा

साल 2010 में बतौर प्लेयर मुंबई इंडियंस के साथ जुडने के बाद काइरन पोलार्ड एमआई की हर एक खिताबी जीत का हिस्सा रहे हैं. वह मुंबई इंडियंस के साथ खिलाड़ी के रूप में पांच आईपीएल ट्रॉफी जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं. बता दें, MI ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल खिताब अपने नाम किए.

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी की हाइप पर बैटिंग कोच सितांशु कोटक की दो टूक, बोले-सोशल मीडिया से प्लेइंग-11 नहीं…

MI ने पोस्ट शेयर कर दी जानकारी

मुंबई इंडियंस ने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर करते हुए ऐलान किया की काइरन पोलार्ड आगामी सीजन के लिए मुंबई के हेड कोच भूमिका में नजर आएंगे.अपने इस पोस्ट में MI ने लिखा, मुंबई इंडियंस की सफलता में अहम भूमिका निभाने वाले काइरन पोलार्ड का मुंबई फैमिली के साथ 16 साल का शानदार सफर अब एक नए अध्याय में प्रवेश करने जा रहा है.

काइरन पोलार्ड आईपीएल करियर

39 साल के पूर्व ऑलराउंडर काइरन पोलार्ड का आईपीएल करियर बेहद शानदार रहा. 2010 में उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए अपना आईपीएल डेब्यू किया था. तब से लेकर 2022 तक उन्होंने सिर्फ इसी फ्रेंचाइजी के लिए खेला है. नवंबर 2022 में उन्होंने आईपीएल से संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी. पोलार्ड ने आईपीएल में 189 मैच खेले हैं, जिसकी 171 पारियों में उन्होंने 3412 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 16 अर्धशतक निकले. वहीं 107 पारियों में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 8.79 की इकॉनमी से 69 विकेट लिए. पोलार्ड ने मुंबई को पांच खिताब जीताने में अहम भूमिका निभाई.

Exit mobile version