Sai Sudharsan: भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों श्रीलंका दौरे पर है, जहां 15 अगस्त से दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है. इस सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार ओपनर साई सुदर्शन चोटिल होकर पूरे सीरीज से बाहर हो गए हैं. बता दें, श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए सुदर्शन का चयन फिटनेस क्लीयरेंस की शर्त पर किया गया था, लेकिन वह पूरी तरह फिट नहीं हो सके हैं और उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा है.
पैर के अंगूठे में लगी थी चोट
भारतीय स्टार ओपनर साई सुदर्शन इन दिनों पैर के अंगूठे की चोट से जूझ रहे हैं. यह चोट उन्हें इंडिया ए के श्रीलंका दौरे के दौरान लगी थी. हालांकि इसके बाद उन्होंने बेंगलुरू स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिर से बल्लेबाजी करना शुरू कर दी थी और उम्मीद की जा रही थी की फिटनेस टेस्ट पास कर वह टीम के साथ जुड़ जाएंगे. मगर ऐसा नहीं हुआ. वह मैच फिटनेस हासिल करने में कामयाब नहीं रहे. रिपोर्ट्स के मुताबिक सुदर्शन के पैर के अंगूठे में अब भी दर्द महसूस हो रहा है और इसी वजह से सीओई ने उन्हें पूरी तरह फिट घोषित नहीं किया है.
श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए गई टीम इंडिया को एक और बड़ा झटका लगा है. टीम के स्टार खिलाड़ी साई सुदर्शन चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो गए हैं. साई सुदर्शन को दाएं पैर में स्ट्रेस की समस्या थी, जिससे वह पूरी तरह से ठीक नहीं हो पाए हैं. हालांकि, सुदर्शन तेजी से रिकवर… pic.twitter.com/nbjXfVP8UK
— Vistaar News (@VistaarNews) August 8, 2026
टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका
साई सुदर्शन का बाहर होने टीम के लिए बड़ा झटका इसलिए माना जा रहा है, क्योंकि उनसे पहले स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी इंजरी के चलते इस सीरीज से बाहर हो गए हैं. बुमराह को भी सुदर्शन की तरह फिटनेस क्लीयरेंस की शर्त पर स्क्वाड में शामिल किया गया था, लेकिन वह भी मैच फिटनेस हासिल नहीं कर सके और उन्हें इस सीरीज से बाहर होना पड़ा.
साई सुदर्शन क्रिकेट करियर
24 वर्षीय इस सलामी बल्लेबाज ने 20 जून 2025 को इंग्लैंड दौरे पर अपना टेस्ट डेब्यू किया था. साई सुदर्शन ने भारत के लिए अब तक कुल 7 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसकी 12 पारियों में उन्होंने 31.91 के औसत से 383 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले हैं.
