MS Dhoni IPL Captaincy Record: महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं. उन्होंने अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार चैंपियन बनाया है. धोनी ने आईपीएल में कुल 235 मैचों में कप्तानी करते हुए अपनी टीम को 136 मैच जिताए हैं. उन्होंने लगभग हर आईपीएल टीम को हराया है, लेकिन उनके शानदार कप्तानी करियर में एक टीम ऐसी भी रही है, जिसे बतौर कप्तान वह कभी नहीं हरा पाए है. या यूं कह ले कि इस टीम के खिलाफ धोनी कप्तान रहते एक भी मैच नहीं जीत सकें हैं.
ये टीम कोई और नहीं बल्कि गुजरात लायंस की है. गुजरात लायंस आईपीएल इतिहास की इकलौती ऐसी टीम रही है, जिसके खिलाफ धोनी बतौर कप्तान एक भी मैच नहीं जीत सके हैं.
2 बार हुआ सामना
साल 2016 के दौरान जब चेन्नई सुपर किंग्स पर दो साल का बैन लग गया था, तब एमएस धोनी राइजिंग पुणे सुपरजायंट की ओर से खेलते हुए कप्तानी कर रहे थे. उसी सीजन मिस्टर आईपीएल यानी सुरेश रैना की कप्तानी वाली नई फ्रेंचाइजी गुजरात लायंस आईपीएल का हिस्सा बनी थी. उसी साल यानी आईपीएल 2026 के दौरान पुणे का सामना गुजरात से हुआ. उस सीजन दोनों टीमें 2 बार आमने-सामने आई, लेकिन दोनों ही बार धोनी की टीम को हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद अगले ही सीजन पुणे की कप्तानी स्टीव स्मिथ को सौंप दी गई और 2018 में गुजरात लायंस की टीम लीग से ही बाहर हो गई.
गुजरात लायंस के अलावा महेंद्र सिंह धोनी ने बतौर कप्तान आईपीएल की हर एक टीम के खिलाफ जीत दर्ज की है. आईपीएल इतिहास में सिर्फ मुंबई इंडियंस ही ऐसी टीम है जिसके खिलाफ माही ने जीत से ज्यादा मैच हारे हैं. वहीं, दिल्ली कैपिटल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ धोनी से सबसे ज्यादा मैच जीत हैं.
किस टीम के खिलाफ जीते सबसे ज्यादा मैच
आईपीएल में बतौर कप्तान धोनी ने सबसे ज्यादा मैच दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीते हैं, डीसी के खिलाफ उन्होंने 20 मैचों में जीत दर्ज की. वहीं, इस लिस्ट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू दूसरे नंबर पर है. आरसीबी के खिलाफ धोनी ने कप्तान रहते 19 मैचों में जीत दर्ज की. केकेआर के खिलाफ भी उन्होंने 19 मैचों में जीत दिलाई.
