Vistaar NEWS

16 चौके, 12 छक्के…नमन धीर ने बल्ले से मचाई तबाही, सिर्फ इतनी गेंदों में जड़ दिया सबसे तेज शतक

Naman Dhir

नमन धीर

Naman Dhir: भारतीय युवा क्रिकेटर नमन धीर ने शेर ए पंजाब टी20 लीग में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. मंगलवार 8 मार्च मोहाली में खेले गए मुकाबले में अमृतसर सूरमास की ओर से खेलते हुए उन्होंने सिर्फ 64 गेंदों में ही 173 रन की विस्फोटक पारी खेली. इस दौरान उन्होंने मैदान के चारों ओर चौके-छक्कों की झड़ी लगा दी.

नमन धीर ने जड़ा शतक

मोहाली किंग्स और अमृतसर सूरमास के बीच खेले गए इस मुकाबले में नमन धीर ने 173 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 16 चौके और 12 छक्के शामिल रहे. अमृतसर के लिए खेलते हुए इस बल्लेबाज ने 37 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. इसी के साथ उन्होंने शेर ए पंजाब टी20 लीग के इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ दिया है. इससे पहले ये रिकॉर्ड अनमोलप्रीत सिंह के नाम दर्ज था, जिन्होंने 39 गेंदों में यह कारनामा किया था, लेकिन अब नमन धीर ने 37 गेंदों में अपना शतक पूरा कर ये रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.

यह भी पढ़ें: भारत के नक्शे में गिलगित-बाल्टिस्तान! ACB के वीडियो से पाकिस्तान को लगी मिर्ची

मैदान पर दिखा नमन धीर का कहर

मोहाली के पीसीए आईएस स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मोहाली किंग्स के कप्तान रमनदीप सिंह ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. अमृतसर सूरमास की ओर से ओपनिंग करने उतरे नमन धीर ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और देखते ही दहते महज 19 गेंदों में उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. फिफ्टी लगाते ही नमन धीर और खतरनाक हो गए. 12वें ओवर में उन्होंने लवदीप के ओवर में 30 रन बटोर कर अपना शतक पूरा किया.

कुछ ऐसा रहा मैच का हाल

मैच की बात करें, तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अमृतसर सूरमास की टीम ने नमन धीर की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दमपर निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 279 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में मोहाली किंग्स की टीम 212 रन ही बना सकी और नमन धीर की कप्तानी पारी के बदौलत अमृतसर सूरमास ने यह मुकाबला 67 रन से जीत लिया.

Exit mobile version