Ajinkya Rahane: भारतीय क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद टेस्ट बल्लेबाजों में से एक अजिंक्य रहाणे ने 38 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेकर एक यादगार सफर का अंत कर दिया है. रहाणे ने अपने क्रिकेट करियर में कई शानदार पारियां खेली, लेकिन 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बतौर कप्तान टेस्ट सीरीज में मिली जीत हमेशा भारतीय क्रिकेट के इतिहास के सबसे सुनहरे पलों में गिनी जाएगी. भारतीय टीम ने यह टेस्ट सीरीज रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के बिना जीती थी.
पहले टेस्ट में 36 रनों पर ढेर हुई टीम इंडिया
साल 2021 की शुरुआत में भारतीय टीम चार मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई थी. एडिलेड में खेले गए पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में भारतीय टीम महज 36 रनों पर ऑलआउट हो गई थी. इस मैच में कंगारू टीम ने भारत को 8 विकेट से मात देकर सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली थी. इस हार के बाद ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने भारत की बेइज्जती करने में कोई कसर नहीं छोड़ी.
Leadership, resilience, ultimate belief 💪
— BCCI (@BCCI) July 30, 2026
🎥 Throwback to Captain @ajinkyarahane88's inspiring words following #TeamIndia’s iconic Border-Gavaskar Trophy victory in 2020-21 🏆#ThankYouAjinkya pic.twitter.com/I1CzlzyC5c
यह भी पढ़ें: अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास, इमोशनल पोस्ट शेयर कर बोले – सच्चाई यह है कि…
आधी टीम थी चोटिल
पहले टेस्ट के बाद भारत के नियमित कप्तान विराट कोहली पिता बनने के चलते घर लौट गए. टीम के कई स्टार खिलाड़ी इस दौरे पर चोटिल हो गए थे, जिससे बीच सीरीज ही भारत को अपनी टीम बदलनी पड़ी. रोहित शर्मा और इशांत शर्मा जैसे स्टार खिलाड़ी इस दौरे की शुरुआत से पहले ही चोटिल हो गए थे, जिससे वह शुरुआती मैचों में उपलब्ध नहीं थे. इसके अलावा एडिलेड टेस्ट के दौरान मोहम्मद शमी का हाथ फ्रैक्चर हो गया था. आखिरी टेस्ट में भारत को बिल्कुल नई और युवा टीम उतारनी पड़ी. ऐसे मुश्किल हालत में अजिंक्य रहाणे ने टीम की कमान संभाली और टीम का आत्मविश्वास लौटाया.
भारत की ऐतिहासिक जीत
अगले मैच में कोहली की जगह कप्तानी करने वाले अजिंक्य रहाणे ने चोटिल टीम को फिर से खड़ा कर दिया. रहाणे की कप्तानी में भारत ने मेलबर्न टेस्ट में जबरदस्त वापसी की. रहाणे ने बॉक्सिंग डे टेस्ट में शानदार बलेलबाजी की और 112 रनों की शतकीय पारी खेली. इस मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से हराकर 1-1 से सीरीज बराबर कर ली.
इसके बाद सिडनी टेस्ट ड्रॉ रहा. चौथे और आखिरी टेस्ट के लिए टीम इंडिया ब्रिस्बेन पहुंची, जहां गाबा के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया की टीम 32 साल से एक भी टेस्ट नहीं हारी थी. लेकिन यहां भारतीय टीम ने अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को 3 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया. रहाणे की कप्तानी में भारत ने बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी 2020-21 में 2-1 से ऐतिहासिक सीरीज जीती थी.
