Vistaar NEWS

ODI WC 2027: वनडे वर्ल्ड कप को लेकर सामने आया बड़ा अपडेट, क्वालीफायर की तारीखों का हुआ खुलासा

ODI WC 2027

वनडे वर्ल्ड कप 2027

ODI WC 2027: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 के आगाज में अभी एक साल से ज्यादा का समय बाकी है, लेकिन आईसीसी ने अभी से ही इसकी तैयारियां तेज कर दी हैं. साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाली इस वर्ल्ड कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी. आईसीसी वनडे रैंकिंग में टॉप-8 में रहने वाली टीमों को इस टूर्नामेंट में डायरेक्ट एंट्री मिलेगी.

बाकी 4 टीमों की जगह का फैसला क्वालीफायर राउंड से होगा. इसी बीच क्वालीफायर की तारीखें भी सामने आ गई हैं. क्वालीफायर टूर्नामेंट के बाद ही तय होगा कि कौन-कौन सी टीमें वनडे वर्ल्ड 2027 में खेलेंगी.

कब होगा वनडे वर्ल्ड 2027 क्वालीफायर?

क्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए क्वालीफायर टूर्नामेंट 22 फरवरी से 23 मार्च 2027 तक खेला जाएगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक आईसीसी ने टूर्नामेंट की तारीखें तो तय कर ली हैं, लेकिन इन मैचों की मेजबानी कहां होगी यह अभी निर्धारित नहीं हुआ है. कयास लगाए जा रहे है कि वनडे वर्ल्ड कप 2027, 4 अक्टूबर से 11 नवंबर 2027 के बीच खेला जाएगा. हालांकि आईसीसी ने इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है.

यह भी पढ़ें: भुवनेश्वर-शमी OUT, रोहित-कोहली ने IN…2027 वर्ल्ड कप के लिए सुनील गावस्कर ने चुनी टीम इंडिया

कितनी टीमों के बीच होगा क्वालीफायर राउंड?

वनडे वर्ल्ड कप 2027 का टिकट पाने के लिए कुल 10 टीमें क्वालीफायर में हिस्सा लेंगी और एक-दूसरे से भिड़ेंगी. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल पहले ही क्वालीफिकेशन फॉर्मैट का ऐलान कर चुकी है. क्वालीफायर टूर्नामेंट में जीतने वाली टीम सीधे वर्ल्ड कप के ग्रुप में एंट्री कर लेगी. वहीं, बाकी तीन टीमों के बीच ‘सुपर सीरीज’ खेली जाएगी, जिसका रिजल्ट वर्ल्ड कप के अगले चरण के लिए अहम होगा.

ODI रैंकिंग की टॉप-8 टीमें करेंगी क्वालीफाई

बता दें, आईसीसी ने वनडे वर्ल्ड कप 2027 में डायरेक्ट क्वालीफिकेशन के लिए 30 सितंबर 2026 को कटऑफ डेट तय किया है. इस तारीख तक वनडे रैंकिंग में जो भी टीमें टॉप-8 में रहेंगी वह वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए डायरेक्ट क्वालीफाई कर जाएंगी.

Exit mobile version