2027 वर्ल्ड कप में रोहित-विराट का खेलना हुआ कंफर्म? BCCI सूत्र का बड़ा दावा

Rohit Virat World Cup Future: टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली के वनडे वर्ल्ड कप 2027 में खेलने को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है.
ROHIT-VIRAT

रोहित शर्मा और विराट कोहली

Rohit Virat World Cup Future: टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच दोनों खिलाड़ियों के वनडे वर्ल्ड कप 2027 में खेलने को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. सामने आ रही रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगले साल दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेले जाने वाले वनडे वर्ल्ड कप में ये दोनों खिलाड़ी खेलते हुए नजर आएंगे. बीसीसीआई के एक सूत्र के मुताबिक आगामी वर्ल्ड कप में इन दोनों खिलाड़ियों का होना भारतीय टीम के लिए बेहद जरूरी है.

2027 WC में खेलेंगे रोहित-विराट

दरअसल, दैनिक जागरण की एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के शीर्ष अधिकारी रोहित शर्मा और विराट कोहली को वनडे वर्ल्ड कप 2027 की योजनाओं का अहम हिस्सा मान रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक बीसीसीआई अधिकारियों का मानना है कि आगामी वर्ल्ड कप में इन दोनों अनुभवी खिलाड़ियों का टीम में होना बेहद जरूरी है. भले ही हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में यह दोनों खिलाड़ी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हो, लेकिन मुश्किल पिचों में इनका प्रदर्शन हमेशा शानदार रहा है. बीसीसीआई के एक सूत्र के मुताबिक,’रोहित-कोहली के बिना वर्ल्ड कप जितना मुश्किल है. न्यूजीलैंड में रनों के लिए संघर्ष करने के बावजूद, टीम में उनकी अहमियत बनी हुई है.

न्यूजीलैंड में नहीं चला बल्ला

हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की वनडे सीरीज में इन दोनों खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा. सलामी बल्लेबाज के रूप में रोहित जहां 4 मुकाबलों में सिर्फ 30 रन बना सके. वहीं, दूसरी ओर विराट पूरी सीरीज में महज 86 रन ही बना सके. इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट और बोर्ड का भरोसा इन दोनों खिलाड़ियों पर बना हुआ है. बीसीसीआई के एक अधिकारी का कहना है कि अगर रोहित-विराट 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं और उनकी फिटनेस को लेकर कोई समस्या नहीं रहती है, तो वे ये टूर्नामेंट जरूर खेलेंगे.

कब होगा वनडे वर्ल्ड कप का आगाज?

आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 का आगाज 2 अक्टूबर 2027 को होगा, जो 21 नवंबर तक खेला जाएगा. बता दें, ये आईसीसी टूर्नामेंट दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाएगा, जिसमें कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी. टूर्नामेंट में 12 वेन्यू पर कुल 57 मैच खेले जाएंगे.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें