WC 2027 Schedule Announcement Time: क्रिकेट के सबसे बड़े महाकुंभ यानी आईसीसी मेंस वनडे वर्ल्ड कप 2027 का बिगुल बज चुका है. आईसीसी आज यानी 1 अक्टूबर को साउथ अफ्रीका के केप टाउन में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान इस मेगा इवेंट के पूरे शेड्यूल का ऐलान करेगी. इस बार वर्ल्ड कप के फॉर्मैट में बदलाव किया गया है, ग्रुप स्टेज से पहले सुपर सीरीज राउंड खेले जाएंगे और सेमीफाइनल से पहले सुपर-7. ऐसे में हर किसी के मन में एक ही सवाल है कि आईसीसी कितने बजे आगामी वर्ल्ड कप के शेड्यूल का ऐलान करेगी और क्या भारत-पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा जाएगा?
कितने बजे होगा वर्ल्ड कप शेड्यूल का ऐलान?
रिपोर्ट्स के मुताबिक वनडे वर्ल्ड कप 2027 के शेड्यूल का ऐलान भारतीय समयानुसार 1 अक्टूबर, रात 8:30 बजे होगा. बता दें, टूर्नामेंट के शेड्यूल की घोषणा लाइव होगी. बता दें, शेड्यूल का ऐलान भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव होगा, जिसकी लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी.
यह भी पढ़ें: IND vs WI: 406 रनों का टारगेट देख घबरा गए थे कप्तान शुभमन गिल! फिर ऐसे दिलाई टीम को जीत
इस बार 14 टीमें लेंगी हिस्सा
वनडे वर्ल्ड कप 2027 में इस बार कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी, इनमें से 11 टीमों ने ग्रुप स्टेज में अपनी जगह पक्की कर ली है, जबकि 12वीं टीम का फैसला सुपर सीरीज राउंड के जरिए होगा. पहले राउंड में रैंकिंग की जो तीन टीमें सबसे नीचे होंगी उनके बीच 2-2 मैच खेले जाएंगे. सुपर सीरीज पर सबसे ज्यादा अंक हासिल करने वाली टीम राउंड-2 यानी ग्रुप स्टेज में पहुंचने वाली 12वीं टीम बन जाएगी, जबकि बाकी दो टीमों का टूर्नामेंट में सफर वहीं खत्म हो जाएगा.
इसके बाद मुख्य ग्रुप स्टेज में 12 टीमों को 6-6 के दो ग्रुप में बांटा जाएगा. यहां से दोनों ग्रुप की टॉप-3 टीमें अगले राउंड के लिए क्वालीफाई करेंगी. इसके अलावा दोनों ग्रुप की बाकी टीमों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली एक टीम को सुपर-7 में जगह मिलेगी. यानी इस बार ग्रुप स्टेज से सीधा सेमीफाइनल का टिकट नहीं मिलेगा, बल्कि एक नया राउंड शामिल किया गया है, जिसमें कुल 7 टीमें पहुंचेगी.
सुपर-7 राउंड से मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट
इसके बाद सुपर-7 राउंड सिंगल राउंड-रॉबिन फॉर्मैट में खेला जाएगा जहां टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी. इस राउंड में पहले नंबर पर रहने वाली टीम का सामना चौथे स्थान वाली टीम से होगा, जबकि दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम तीसरे स्थान वाली टीम से सेमीफाइनल मैच खेलेगी.
क्या एक ग्रुप में होंगे भारत-पाकिस्तान?
वनडे वर्ल्ड कप 2027 के शेड्यूल से पहले फैंस की नजर इस बात पर टिकी हुई है कि टूर्नामेंट में भारत-पाकिस्तान के बीच भिड़ंत कब होगी. क्या दोनों टीमों को एक ही ग्रुप में रखा जाएगा.अगर दोनों टीमें एक ही ग्रुप में आती हैं, तो ग्रुप स्टेज में ही दोनों टीमों का सामना हो सकता है. इसके अलावा किसी दूसरे चरण में भी दोनों टीमें सामने-सामने नजर आ सकती हैं.
