Vistaar NEWS

हांगकांग सिक्सेस में टीम इंडिया की खराब शुरुआत, पाकिस्तान ने 4 विकेट से दी मात

pakistan

पाकिस्तान ने भारत को हराया

India vs Pakistan: हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट के ग्रुप-सी मुकाबले में भारतीय टीम को पाकिस्तान के हाथों 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है. मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान अब्बास अफरीदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और उनका यह फैसला सही भी साबित हुआ. पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने निर्धारित 6 ओवर में 5 विकेट खोकर 88 रन बनाए. जवाब में पाक टीम ने सिर्फ 23 गेंदों में ही 2 विकेट खोकर 91 रन बना लिए और 4 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया.

भारतीय बल्लेबाजों का लचर प्रदर्शन

पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद लचर रहा. भारत की ओर से ओपनिंग करने उतरे राहुल त्रिपाठी महज 9 रन बनाकर सस्ते में आउट हो गए. वहीं, नीतीश राणा 14 गेंदों में 19 रन ही बना सके. हालांकि, शशांक सिंह ने कुछ बड़े शॉट्स खेलकर 11 गेंदों में 40 रनों की पारी खेली. अपनी इस पारी में शशांक ने 5 छक्के और 2 चौके जड़े.

लेकिन, उनके अलावा भारत का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहा. कप्तान क्रुणाल पंड्या पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए. वहीं, राहुल तेवतिया खाता भी नहीं खोल सके. इसके अलावा टी नटराजन 6 गेंदों में 12 रनों की नाबाद पारी खेलकर वापस लौटे.

महंगे साबित हुए क्रुणाल पंड्या

भारत द्वारा दिए गए 89 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम के लिए ख्वाजा नफे और कप्तान अब्बास अफरीदी ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. इस मैच में भारतीय कप्तान क्रुणाल पंड्या बेहद महंगे साबित हुए. क्रुणाल के पहले ही ओवर में अब्बास ने लगातार पांच छक्के जड़कर मैदान पर तबाही मचा दी.

इस मुकाबले में अब्बास ने महज 8 गेंदों में 35 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 छक्के और 1 चौका शामिल रहा. वहीं, खवाजा नफे ने 12 गेंदों में 41 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई.हांगकांग सिक्सेस में टीम इंडिया अब अपना अगला मैच 31 अक्टूबर को यूएई के खिलाफ खेलेगी.

यह भी पढ़ें: न्यूजीलैंड में विराट कोहली का जबरदस्त क्रेज, एयरपोर्ट पर एक झलक पाने के लिए बेकाबू हुए फैंस, Video

Exit mobile version