Vistaar NEWS

IPL के लिए PSL छोड़ने वाले खिलाड़ियों पर गिरेगी गाज, PCB चीफ ने खुलेआम दी चेतावनी

मोहसिन नकवी

मोहसिन नकवी

IPL: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के चलते पाकिस्तान क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है. दरअसल,पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने वाले कई विदेशी खिलाड़ी अचानक आईपीएल का रुख कर रहे हैं, जिससे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की चिंता बढ़ गई है. इस पूरे मामले पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी का गुस्सा खुलकर सामने आया है और उन्होंने आईपीएल में जाने वाले खिलाड़ियों को सख्त चेतावनी देते हुए कानूनी कार्रवाई तक की बात कह दी.

PCB चीफ ने क्या कहा?

दरअसल रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी ने साफ कहा,जहां तक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का सवाल है,आप खुद देखिए इस बार पाकिस्तान सुपर लीग में कौन-कौन खेलने आया है. हां, 2-3 खिलाड़ी जरूर लीग छोड़कर गए हैं और हम उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं.

दरअसल, इस बार आईपीएल और पीएसएल का आयोजन लगभग एक ही समय पर हो रहा है, जिससे दोनों लीगों के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है. हालांकि नकवी ने कहा कि आईपीएल से टकराव का पाकिस्तान सुपर लीग पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, क्योंकि दुनिया में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कमी नहीं है और कई इंटरनेशनल खिलाड़ी अब भी पीएसएल का हिस्सा हैं.

इस दौरान नकवी ने यह भी खुलासा किया कि पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के कुछ मैच खाली स्टेडियम में कराए जा सकते हैं. इसके पीछे मिडिल ईस्ट में जारी तनावपूर्ण हालात को वजह बताया गया है.

यह भी पढ़ें: क्या सच में RCB से चार्टर्ड फ्लाइट मांग रहे थे Virat Kohli? खुद ही कर दिया खुलासा

कब से शुरू होगा IPL और PSL

पाकिस्तान सुपर लीग 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होगी और फाइनल 3 मई को खेला जाएगा.
वहीं दूसरी ओर आईपीएल2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, लेकिन बीसीसीआई ने अभी तक पूरा शेड्यूल जारी नहीं किया है, जिसके चलते फाइनल की तारीख सामने नहीं आई है.

किन खिलाड़ियों ने PSL छोड़ IPL का किया रुख?

जिम्बाब्वे के ब्लेसिंग मुज़ारबानी पहले पाकिस्तान सुपर लीग में इस्लामाबाद यूनाइटेड के लिए खेलने वाले थे, लेकिन उन्होंने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स का दामन थामते हुए मुस्तफिजुर रहमान को रिप्लेस कर दिया है. वहीं दासुन शनाका भी पीएसएल कॉन्ट्रैक्ट छोड़कर आईपीएल फ्रेंचाईजी राजस्थान रॉयल्स से जुड़ गए हैं. गौरतलब है कि पिछले सीजन पाकिस्तान क्रिकेट बॉर्ड ने कॉर्बिन बॉश पर कार्रवाई की थी, जब उन्होंने मुंबई इंडियंस को जॉइन किया था.

Exit mobile version