Ravindra Jadeja: भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में जारी दूसरे टेस्ट मैच के दौरान टीम इंडिया के हरफनमौला खिलाड़ी रवींद्र जडेजा एक अलग ही अंदाज में नजर आए. मैदान पर अपने शानदार खेल से विपक्षी टीम को परेशान करने वाले जडेजा अपने बिंदास और मजाकिया अंदाज के लिए जाने जाते हैं और मैदान से लेकर सोशल मीडिया तक वह अक्सर मस्ती करते दिखाई देते हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की प्लेइंग 11 से बाहर चल रहे स्टार ऑलराउंडर डगआउट में मस्ती करते दिखे. इस दौरान जडेजा अपने गले में स्टेथोस्कोप डालकर अपनी ही हार्टबीट चेक करते नजर आए.
डॉक्टर बने रवींद्र जडेजा
दरअसल, क्राइस्टचर्च टेस्ट के दौरान रवींद्र जडेजा टीम इंडिया के सपोर्ट स्टाफ के साथ मस्ती करते दिखे. मैच के दौरान डगआउट में बैठे जडेजा अपने गले में स्टेथोस्कोप डाले नजर आए, जिससे वे पहले टीम इंडिया के एक सपोर्ट स्टाफ सदस्य की धड़कने चेक करते दिखे और फिर वह खुद की ही हार्टबीट चेक करने लगे. जडेजा के इस मस्ती भरे अंदाज को देखकर हिंदी कमेंट्री कर रहे पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा भी चुटकी लेते दिखे. उन्होंने मजाक में कहा कि बल्ले और गेंद से मौका न मिलने मतलब यह नहीं कि डगआउट में खाली बैठा जाए. सोशल मीडिया पर रवींद्र जडेजा के इस मस्ती भरे अंदाज की वीडियो तेजी से वायरल हो रही है, जिसपर फैंस खूब प्यार लुटा रहे हैं.
Doctor Ravi Jadeja checking himself.😂 #INDvNZ https://t.co/QGoEM3a6En
— Dharam (@Dharmes35289824) November 28, 2026
न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दोनों मुकाबलों में जडेजा को प्लेइंग 11 में जगह नहीं मिली. इसी के चलते बाउंड्री के बाहर बैठे-बैठे उनके इस हल्के-फुल्के मजाकिया अंदाज ने फैंस का ध्यान खींच लिया है.
टीम इंडिया के अहम खिलाड़ी जडेजा
रवींद्र जडेजा भारतीय टीम के सबसे अनुभवी ऑलराउंडर्स में शामिल हैं. वह अपनी शानदार स्पिन गेंदबाजी के साथ निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी और बेहतरीन फील्डिंग के लिए भी जाने जाते हैं. टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया के लिए वह काफी अहम खिलाड़ी माने जाते हैं, लेकिन बीते कुछ समय से उन्हें लगातार प्लेइंग 11 में खेलने का मौका नहीं मिल रहा है.
