Vistaar NEWS

‘मुझे नहीं लगता उन्हें कुछ साबित करने की जरूरत’, संन्यास की अटकलों के बीच रोहित शर्मा के बचपन के कोच का बड़ा बयान

Rohit Sharma or Dinesh Lad

रोहित शर्मा और दिनेश लाड

Rohit Sharma: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर लगातार चर्चाएं तेज हो रही हैं. कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाला तीसरा वनडे मैच उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी मुकाबला साबित हो सकता है. हिटमैन के रिटायरमेंट की अटकलों के बीच उनके बचपन के कोच दिनेश लाड ने बड़ा बयान दिया है.

क्या बोले रोहित के बचपन के कोच?

रोहित शर्मा के संन्यास की अटकलों के बीच उनके बचपन के कोच दिनेश लाड ने ABP न्यूज से खास बातचीत की. इस दौरान दिनेश से पूछा गया कि ऐसी अटकलें हैं कि लॉर्ड्स के मैदान पर रोहित अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेल सकते हैं. इस बारे में आपका क्या कहना है? इसपर जवाब देते हुए लाड ने कहा,”मैं व्यक्तिगत रूप से चाहता हूं कि रोहित 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलें, मेरा तो एक ही सपना है की रोहित 2027 वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करें.”

यह भी पढ़ें: रिटायरमेंट की खबरों के बीच विराट-बुमराह के साथ रोहित शर्मा की फोटो वायरल, चर्चा में रवि शास्त्री की कमेंट्री

वर्ल्ड कप खेलते देखने की जताई इच्छा

आगे जब दिनेश लाड से रोहित के फॉर्म को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा,”फॉर्म तो ऊपर नीचे होते रहते हैं, लेकिन मैं उन्हें 2027 के वनडे वर्ल्ड कप में खेलते हुए देखना चाहता हूं.” क्या रोहित के साथ एक युग का भी अंत हो जाएगा? इसके जवाब में रोहित के कोच ने कहा कि अगर वो रिटायर होंगे तो उनके साथ एक युग का अंत तो होगा ही, वह एक बड़े प्लेयर हैं. अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए लाड ने कहा फॉर्म ऊपर नीचे होती रहती हैं, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि वह खराब खिलाड़ी हैं.

रोहित को कुछ साबित करने की जरूरत नहीं

रोहित की फिटनेस पर बात करते हुए दिनेश लाड ने कहा,”एक कोच होने के नाते, मुझे नहीं लगता कि उन्हें किसी को कुछ भी साबित करने की जरूरत है. वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप जीतना चाहते हैं और अपने करियर को लेकर स्पष्ट हैं. आगे उन्होंने कहा मुझे नहीं लगता रोहित को अपनी फिटनेस साबित करने की जरूरत है. वह अभी भी पूरी तरह से फिट हैं.”

Exit mobile version