Yashasvi Jaiswal: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में जारी दूसरे टेस्ट मैच के दौरान मैदान पर उस वक्त तनातनी देखने को मिली, जब भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल आउट होकर पवेलियन की ओर लौट रहे थे. मैच की पहली पारी में जायसवाल 45 रन बनाकर तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो की गेंद पर आउट हो गए. इसके बाद फर्नांडो ने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया, जो भारतीय बल्लेबाज को रास नहीं आया और फिर दोनों के बीच जोरदार बहस हुई.
असिथा फर्नांडो ने यशस्वी जायसवाल को किया आउट
भारत की ओर से पहली पारी में यशस्वी जायसवाल केएल राहुल के साथ पारी की शुरुआत करने मैदान पर उतरे. राहुल के जल्दी आउट होने के बाद जायसवाल क्रीज पर जाम चुके थे और विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे थे. यशस्वी ने पारी के 17वें ओवर में असिथा फर्नांडो के खिलाफ 3 चौके जड़े, लेकिन इसके बाद श्रीलंकाई गेंदबाज ने जबरदस्त वापसी की और ओवर की आखिरी गेंद पर भारतीय बल्लेबाज को आउट कर दिया. असिथा ने इस गेंद को अंदर की ओर स्विंग कराया, जिसे ऑफ साइड में पंच करने की कोशिश में जायसवाल अपना विकेट गंवा बैठे.
The headed exchange between Yashasvi Jaiswal and the bowler. pic.twitter.com/jqhh2hCV8h
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) August 23, 2026
यह भी पढ़ें: कौन हैं सारांश जैन? 33 साल की उम्र में मिला टीम इंडिया के लिए डेब्यू का मौका
बीच मैदान में भिड़े यशस्वी-असिथा
यशस्वी जायसवाल का विकेट हासिल करते ही श्रीलंकाई गेंदबाज ने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया और बल्लेबाज को सेंड ऑफ दिया. श्रीलंकाई गेंदबाज का यह रवैया जायसवाल को बिल्कुल पसंद नहीं आया और उन्होंने भी प्रतिक्रिया दी जिससे मैदान का माहौल गरमा गया. दोनों खिलाड़ियों के बीच जुबानी जंग देखने को मिली और देखते ही देखते दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे के पास पहुंच गए और हेड कॉन्टैक्ट भी हुआ. ऐसा लग रहा था दोनों खिलाड़ी धक्का-मुक्की करने के लिए तैयार हैं. तनाव बढ़ता देख श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने हस्तक्षेप किया और मामले को शांत कराया.
जायसवाल ने खेली 45 रनों की पारी
श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच की पारी में भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 53 गेंदों में 45 रन की पारी खेली. उनकी इस पारी में 9 चौके शामिल रहे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 84.91 का रहा.
