Smriti Mandhana: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना का बल्ला एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में जमकर गरजा है. बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने 19 गेंदों में 37 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. भले ही मंधाना इस मैच में अपनी फिफ्टी कंप्लीट नहीं कर सकी, लेकिन उन्होंने जबरदस्त इतिहास रच दिया है. वह अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं.
स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास
एशियन गेम्स 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में स्मृति मंधाना ने मैदान पर उतरते ही इतिहास रच दिया है. बांग्लादेश के खिलाफ 8 रन बनाते ही एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वह अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं. उन्होंने अब तक खेले गए 178 टी20 इंटरनेशनल मैचों की 171 पारियों में 4788 रन बना लिए हैं, जिसमें 2 शतक और 36 अर्धशतक शामिल हैं.
Smriti Mandhana is 🔝🔝 https://t.co/hZzaqKDDDd
— Cricbuzz (@cricbuzz) September 20, 2026
यह भी पढ़ें: 3 चौके, 9 छक्के…एशियन गेम्स सेमीफाइनल में गरजा शैफाली वर्मा का बल्ला, शतक जड़कर रचा इतिहास
न्यूजीलैंड की सूजी बैट्स का तोड़ा रिकॉर्ड
सेमीफाइनल मुकाबले में मंधाना ने तूफानी बल्लेबाजी कर न्यूजीलैंड की पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर सूजी बैट्स का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है. टी20 इंटरनेशनल में बैट्स ने 186 मुकाबलों में 4758 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 28 अर्धशतक शामिल हैं. इस दौरान उनका औसत 28.83 का रहा. सूजी इंटरनेशनल क्रिकेट से अब संन्यास ले चुकी हैं. अब 4788 टी20 इंटरनेशनल रन पूरे करने के साथ मंधाना ने सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में उन्हें पीछे छोड़ दिया है. महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ियों की लिस्ट में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर तीसरे पायदान पर हैं. कौर ने 209 मैचों में अब तक 4327 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं.
शैफाली के साथ निभाई शानदार साझेदारी
भारत बनाम बांग्लादेश सेमीफाइनल मैच की बात करें तो इस मैच में स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी कर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई. मंधाना ने शैफली के साथ मिलकर पहले विकेट लिए पावरप्ले में 72 रन जोड़े. इसके बाद स्मृति छठे ओवर की आखिरी गेंद पर अपना विकेट थमा बैठी. वहीं, शैफाली वर्मा ने इस मैच में 100 रन की नाबाद पारी खेली. शैफली-स्मृति की धमाकेदार पारी और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने यह मुकाबला 114 रनों से अपने नाम कर लिया है. इस जीत के साथ भारत एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में पहुंच गई है.
