Virat Kohli: भारत और वेस्टइंडीज के बीच इन दिनों तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है, जिसका पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम में खेला जा रहा है. इस मुकाबले से पहले भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने 2019 और 2023 वनडे वर्ल्ड कप से जुड़ा एक दर्दनाक खुलासा किया है. कोहली ने जियोस्टार से बात करते हुए बताया कि 2019-2023 वर्ल्ड कप में मिली हार ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया था. इस हार के दर्द से उबरने में उन्हें मानसिक रूप से कई महीने लगे थे.
2019 सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से मिली थी हार
दरअसल 2019 वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भारत को न्यूजीलैंड के हाथों 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. बारिश से प्रभावित यह मुकाबला दो दिन तक चला था. पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 8 विकेट खोकर 239 रन बनाए थे, जवाब में भारतीय टीम 221 रनों पर ही सिमट गई थी. सेमीफाइनल में मिली इस हार से विराट कोहली पूरी तरह से टूट गए थे. उन्होंने खुद खुलासा किया कि इस हार का असर उनपर काफी लंबे समय तक था. उस हार को स्वीकार करना उनके लिए बेहद मुश्किल था. इस हार के दर्द से मानसिक रूप से पूरी तरह से बाहर निकलने में कुछ महीने लगे थे.
यह भी पढ़ें: ‘यह मेरा आखिरी वर्ल्ड कप…’, 2027 ODI WC को लेकर विराट कोहली ने तोड़ी चुप्पी, दिया इमोशनल बयान
2023 वर्ल्ड कप फाइनल में मिली हार को स्वीकार करना था मुश्किल
जियोस्टार से बात करते हुए विराट कोहली ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार को भी याद किया. उस खिताबी मुकाबले में भारत को कंगारू टीम के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. कोहली ने कहा कि फाइनल में वह 54 रनों पर खेल रहे थे और उन्हें भरोसा था कि वह बड़ी पारी खेल सकते हैं. लेकिन वह अगली ही गेंद पर आउट हो गए. ऐसे में फाइनल में मिली उस हार को स्वीकार करना उनके लिए कई दिनों बेहद मुश्किल रहा.
विराट कोहली वनडे करियर
37 वर्षीय भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का वनडे करियर बेहद शानदार रहा है. इस फॉर्मैट में उन्होंने अब तक कुल 314 मैच खेले हैं, जिसकी 302 पारियों में उन्होंने 14941 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 79 अर्धशतक और 54 शतक निकले हैं. बता दें, कोहली टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. वह अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में सक्रिय हैं.
