Vistaar NEWS

सुपरमैन बने यशस्वी जायसवाल, हवा में छलांग लगाकर लपका डेवोन कॉनवे का शानदार कैच

YASHASVI JAISWAL

यशस्वी जायसवाल

Yashasvi Jaiswal: क्रिकेट के मैदान पर कई बार बल्लेबाजों और गेंदबाजों के प्रदर्शन से ज्यादा चर्चा किसी फील्डर के शानदार कैच की होती है. ऐसा ही कुछ नजारा तब देखने को मिला, जब क्राइस्टचर्च टेस्ट में न्यूजीलैंड की दूसरी पारी के दौरान यशस्वी जायसवाल ने डेवोन कॉनवे का हैरतअंगेज कैच लपक कर हर किसी को हैरान कर दिया. जायसवाल ने वाशिंगटन सुंदर की गेंद पर कॉनवे का शानदार कैच लेकर उन्हें पवेलियन भेज दिया.

यशस्वी जायसवाल ने लपका हैरतअंगेज कैच

दरअसल, न्यूजीलैंड की दूसरी पारी के दौरान 33वां ओवर वाशिंगटन सुंदर लेकर आए. सुंदर के इस ओवर की पहली गेंद पर कॉनवे ने तगड़ा शॉट लगया, लेकिन तभी यशस्वी जायसवाल ने जबरदस्त एफर्ट दिखाया. जायसवाल ने बाईं ओर दौड़ लगाई और हवा में छलांग लगाकर सिर्फ एक हाथ से शानदार कैच लपक लिया. कॉनवे जबरदस्त फॉर्म में बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन तभी जायसवाल ने हैरतअंगेज कैच लेकर उनकी पारी पर ब्रेक लगा दिया. कॉनवे ने दूसरी पारी में 97 गेंदों में 51 रन बनाए, जिसमें 6 चौके शामिल रहे.

केएल राहुल ने छोड़ा था कैच

दूसरी पारी के दौरान डेवोन कॉनवे को एक जीवनदान भी मिला था. कॉनवे जब 33 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, जब जसप्रीत बुमराह की गेंद पर केएल राहुल ने उनका कैच छोड़ दिया था. बुमराह ने अपने ओवर की एक गेंद को शॉर्ट और ऑफ स्टंप के काफी बाहर फेंकी, जिस पर कॉनवे ने बल्ला घुमाया. गेंद कीवी बल्लेबाज के बल्ले के किनारे से लगकर तेजी से निकली और राहुल इसपर जल्दी प्रतिक्रिया नहीं दे पाए. राहुल ने फर्स्ट स्लिप पर उछलकर दोनों हाथों से गेंद को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन टाइमिंग सही नहीं होने के कारण गेंद उनके हाथों से लगकर तेजी से निकल गई.

बल्ले से फेल हुए जायसवाल

क्राइस्टचर्च टेस्ट मैच में भारत की पहली पारी में युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को बल्ला खामोश रहा. पहली पारी में वह बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए. इसी के साथ वह WTC इतिहास में सबसे ज्यादा बार 0 पर आउट होने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. हालांकि, बल्ले से फ्लॉप होने के बाद जायसवाल ने फील्डिंग में दम दिखाया है और डेवोन कॉनवे का शानदार कैच लपक कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.

Exit mobile version