Yuvraj Singh Cricket Mentees: भारतीय क्रिकेट में इन दिनों युवा बल्लेबाजों का जलवा देखने को मिल रहा है. कोई अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से गेंदबाजों की धुनाई कर रहा है, तो कोई बड़ी पारियां खेल लगातार सुर्खियां बटोर रहा है. खास बात यह है कि इन खिलाड़ियों के खेल को निखारने में पूर्व भारतीय दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह अहम भूमिका निभा रहे हैं. 2011 वर्ल्ड कप जीत के हीरो रहे युवराज सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देकर उनके भविष्य को संवारने का काम कर रहे हैं.
हाल ही में राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए रिकॉर्डतोड़ दोहरा शतक जड़ा. वैभव ने अपनी इस ऐतिहासिक पारी का क्रेडिट युवराज सिंह को दिया. इस दौरान उन्होंने खुलासा किया कि मैच से पहले उन्होंने पूर्व भारतीय दिग्गज से फोन पर बात की थी. वैभव ऐसे इकलौते खिलाड़ी नहीं हैं जिन्हें युवी ने निखारा है.
कई खिलाड़ियों के गुरु रह चुके हैं युवराज सिंह
युवराज सिंह ने वैभव सूर्यवंशी के अलावा, अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, प्रियांश आर्य, संजू सैमसन, ऋषभ पंत और प्रभसिमरन सिंह जैसे कई भारतीय खिलाड़ियों को क्रिकेट के दांव-पेंच सिखाए हैं. कोरोना काल के दौरान टीम इंडिया के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने युवराज सिंह के साथ स्पेशल कैंप में रहकर अपनी बैटिंग टेक्निक, फिटनेस और मानसिक मजबूती पर काम किया था.
ऋषभ पंत ने आईपीएल 2026 से पहले और बाद में अपनी बल्लेबाजी को और ज्यादा धारदार बनाने के लिए युवराज सिंह की मदद ली थी. वहीं, खराब फॉर्म और अपने करियर के सबसे मुश्किल दौर से गुजरते समय संजू सैमसन ने भी युवी से मार्गदर्शन और मानसिक टिप्स ली थी. युवराज ने उन्हें खुद पर भरोसा रखने और बल्लेबाजी में निरंतरता लाने की सलाह दी थी, जिसके बाद सैमसन ने कई मैच विनिंग पारियां खेली.
अभिषेक-प्रियांश और प्रभसिमरन को दी ट्रेनिंग
अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाने वाले टीम इंडिया के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा ने भारत के लिए करने से पहले लगभग 4 सालों तक युवराज सिंह से ट्रेनिंग ली. युवी की देखकर में अभिषेक ने अपने खेल को निखारा. इसके अलावा युवा ओपनर प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने भी युवराज से ट्रेनिंग ली है. प्रभसिमरन ने ऑफ-सीजन में युवराज सिंह की देखरेख में पावर-हिटिंग और पारी संवारने की ट्रेनिंग ली.
