Vistaar NEWS

जबलपुर में महिला बिजनेस पार्टनर को गोली मारकर खुद को भी उड़ाया, दोनों की मौत; पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद

Dipesh Rathore shot Shakti Kohli and then committed suicide.

दीपेश राठौर ने शक्ति कोहली को गोली मारकर खुद भी सुसाइड कर लिया.

MP News: जबलपुर में हत्या और आत्महत्या घटना से सनसनी फैल गई. घटना गोरखपुर थाना क्षेत्र की राजुल डुप्लेक्स इलाके की है. यहां एक डुप्लेक्स में एक युवक ने पहले महिला को गोली मारी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल पहुंच गया और जांच पड़ताल में जुट गया. बताया जा रहा है कि पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों में विवाद हुआ था.

10 महीने पहले हुई थी दोनों की मुलाकात

जानकारी के मुताबिक दीपेश राठौर नाम के युवक ने पहले शक्ति कोहली नाम की महिला को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है की शक्ति कोहली और दीपेश राठौर बिजनेस पार्टनर थे. जानकारी के मुताबिक करीब 10 महीने पहले दोनों की मुलाकात हुई थी और फिर ब्यूटी पार्लर खोलने को लेकर बिजनेस पार्टनर बन गए राजुल डुप्लेक्स के एक घर में ब्यूटी पार्लर खोलने के लिए लाखों रुपए का इन्वेस्टमेंट किया गया. लेकिन इस बीच दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हो गया.

बताया जा रहा है कि 15 जून की दोपहर तकरीबन 1:30 बजे जब शक्ति कोहली ब्यूटी पार्लर का सामान निकालने के लिए डुप्लेक्स में पहुंची. इस दौरान पीछे से दीपेश राठौर भी पहुंच गया और फिर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. विवाद इस स्तर पर पहुंच गया कि दीपेश राठौर ने अपने पास रखी पिस्टल से पहले शक्ति कोहली को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली.

‘पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई’

शक्ति कोहली की परिजनों का आरोप है कि दीपेश राठौर अपराधिक प्रवृत्ति का आदमी था. जैसे ही उसकी जानकारी शक्ति कोहली को लगी दोनों के बीच पार्टनरशिप को लेकर विवाद शुरू हो गया. इस बीच की दीपेश राठौर ने कई बार शक्ति को जान से मारने की धमकी भी दी थी. जिसकी शिकायत पुलिस से भी की गई. परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की. परिजनों का आरोप है कि अगर समय रहते पुलिस कार्रवाई करती तो आज शक्ति जिंदा होती. गुस्साए शक्ति के परिजनों ने आरोपी दीपेश राठौर की खड़ी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की. जिसको लेकर पुलिस और परिजनों के बीच भी झड़प हो गई. हालांकि समझाने के बाद परिजन शांत हुए. फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्मट के लिए भेज दिया है और दूसरे एंगल से भी जांच कर रही है.

ये भी पढे़ं: 3 साल की मासूम को आवारा कुत्तों ने नोंचा, बच्ची को लगाए गए 40 टांके, धार में आवारा पशु लोगों के लिए बने जान का खतरा

Exit mobile version