LPG संकट के बीच सरकार का बड़ा फैसला, गरीबों-मजदूरों को मिलेगा 5 किलो वाला गैस सिलेंडर, जानिए कैसे करें आवेदन
एलपीजी गैस सिलेंडर
LPG Gas: पश्चिम एशिया के देशों में जारी युद्ध के कारण देशभर में एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडरों की भारी कमी देखी जा रही है. कई जगह हालात ऐसे हैं कि लोग सिलेंडर के लिए पूरे दिन गैस एजेंसियों के सामने कतारों में खड़े रहते हैं, फिर भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. नागरिकों की इसी समस्या को देखते हुए भारत सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है. दरअसल, सरकार ने अब मजदूरों और कम आय वाले लोगों को 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर देने का निर्णय लिया है. सरकार का मकसद उन लोगों तक भी गैस पहुंचाना है, जिनके लिए 14.2 किलो वाला सिलेंडर महंगा पड़ता है या जो आर्थिक तंगी के कारण उसे समय पर रिफिल नहीं करवा पाते हैं.
कैसे मिलेगा 5 किलो वाला LPG कनेक्शन?
देश में बढ़ते एलपीजी संकट के बीच सरकार ने इस सुविधा को शुरू कर नागरिकों को बड़ी राहत दी है. इस सुविधा का लाभ वही व्यक्ति उठा सकता है, जिसके घर में पहले से कोई एलपीजी गैस कनेक्शन नहीं है. 5 किलो वाले छोटे गैस सिलेंडर के लिए केवल महिलाएं ही आवेदन कर सकती हैं. आवेदन के लिए महिला की उम्र 18 साल या उससे अधिक होनी चाहिए, तभी गैस कनेक्शन मिल सकेगा. इसके लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक खाता और पासपोर्ट साइज फोटो जैसे जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होगी.
गैस कनेक्शन के लिए दो सुविधाएं दी गई हैं
वहीं सरकार ने मजदूरों और कमजोर वर्ग के लोगों के लिए एक खास इंतजाम किया है. जिन प्रवासी मजदूरों के पास उनके स्थानीय पते का कोई प्रमाण नहीं है वे सेल्फ-डिक्लेरेशन के जरिए भी आवेदन कर सकते हैं और इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं. 5 किलो वाले गैस सिलेंडर का कनेक्शन लेने के लिए दो सुविधाएं दी गई हैं. पहली सुविधा यह है कि आप अपनी नजदीकी गैस एजेंसी जाकर फॉर्म भर सकते हैं. वहीं दूसरी सुविधा के तहत आप ऑनलाइन आवेदन कर अपनी पसंद की गैस कंपनी चुन सकते हैं. इसके बाद वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होते ही आपका गैस कनेक्शन जारी कर दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें-LPG कनेक्शन के बाद एक्स्ट्रा पैसे मांग रहा डिलीवरी मैन? इन नंबर पर कर सकते हैं शिकायत
इस सुविधा से क्या फायदा होगा?
- 5 किलो वाले गैस सिलेंडर का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इसे आसानी से कहीं भी लाया और ले जाया जा सकता है.
- यह कम आय वाले लोगों के लिए बहुत सुविधाजनक है, जिसे वे आसानी से भरवा सकते हैं.
- दूसरी खास बात यह है कि इसे भरवाने में ज्यादा पैसा नहीं लगता, जिससे गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों को राहत मिलेगी.
- इसके अलावा, कई मामलों में पहला सिलेंडर और चूल्हा मुफ्त दिया जाता है, जिससे शुरुआती कनेक्शन लेने में काफी राहत मिलती है.