Vistaar NEWS

गर्मियों में पहली बार AC चलाने से पहले जरूर करें ये 5 काम, वरना बढ़ जाएगा खर्च!

ac

एसी ऑन करने से पहले एक बार जरूर चेक करें

AC Maintenance Tips: साल का दूसरा महीना फरवरी चल रहा है और अब धीरे-धीरे गर्मी का एहसास होने लगा है. सर्दियां खत्म होने को हैं और लोगों का रजाई-कंबल से नाता टूटने वाला है. जैसे ही गर्मी का सीजन शुरू होता है, लोग घरों और ऑफिसों में एसी (AC) चलाना शुरू कर देते हैं. ठंड के मौसम में करीब 4 महीने से बंद पड़ी एसी को अचानक ऑन करना सही नहीं होता. यह न केवल एसी की लाइफ कम कर सकता है, बल्कि आपके लिए खतरनाक भी हो सकता है. इसलिए एसी ऑन करने से पहले इन पांच जरूरी बातों का ध्यान जरूर रखें, ताकि आपको किसी भी तरह का नुकसान न हो और आप सुरक्षित रहकर गर्मी के मौसम का आनंद ले सकें.

हार्ड या सॉफ्ट सर्विस जरूर करें

महीनों से बंद पड़े एसी को चलाने से पहले उसकी सर्विस करवाना बहुत जरूरी है. अगर मैकेनिक बुलाने में समय लग रहा है, तो आप खुद भी ‘सॉफ्ट सर्विस’ कर सकते हैं. इसके लिए बस फिल्टर निकाल कर साफ करें, खराब टूथब्रश और पानी से कॉइल की जमी धूल हटाएं और आउटडोर यूनिट को पानी की तेज धार से धो लें. हार्ड सर्विस मैकेनिक से ही कराएं लेकिन खुद की गई यह बेसिक सफाई एसी की लाइफ और कूलिंग दोनों बढ़ा देगी.

कंडेंसर-आउटडोर यूनिट को चेक करना जरूरी

अगर आपके घर में स्प्लिट एसी है तो उसे चलाने से पहले आउटडोर यूनिट की पीछे वाली जाली कंडेंसर को पानी की तेज धार से साफ कर दें ताकि जमी हुई धूल निकल जाए. ध्यान रखें कि आउटडोर यूनिट के सामने 2-3 फीट तक कोई सामान न रखा हो. ऑन करने के बाद अगर कंप्रेसर से अजीब आवाज़ आए या पानी का लीकेज दिखे, तो तुरंत चेक कराएं. गंदगी की वजह से ड्रेन पाइप ब्लॉक हो सकता है, इसलिए उसे भी एक बार देख लेना बेहतर है.

लीकेज की जांच करें

ज्यादा दिनों तक यदि किसी भी सामान का इस्तेमाल न किया जाए, तो उसमें धूल लगना आम बात है. ऐसे ही लंबे समय से बंद पड़े एसी (AC) में भी गंदगी जमा हो जाती है, जो एसी के कई पार्ट्स के लिए नुकसानदायक है. पहली बार एसी ऑन करने से पहले उसके ड्रेन पाइप को चेक करें और जमी गंदगी को अच्छे से साफ कर लें, नहीं तो लीकेज की समस्या हो सकती है.

स्टेबलाइजर टेस्ट करें

एसी (AC) एक ऐसा इलेक्ट्रॉनिक आइटम है, जिसके पार्ट्स पर ध्यान देना जरूरी होता है. इसलिए एसी ऑन करने से पहले उसके स्टेबलाइजर को जरूर चेक करें. इसके अलावा, एसी के प्लग और वायर को भी टेस्टर से चेक करें कि कहीं वे कटे हुए या उनमें कोई फॉल्ट तो नहीं है. एसी के स्टेबलाइजर से एक वायर जुड़ी होती है यदि आप इसे चेक और साफ करने के बाद एसी चलाते हैं, तो स्टेबलाइजर से जुड़ी सामान्य तकनीकी समस्याओं का खतरा कम हो जाता है.

ये भी पढ़ें-रोजमर्रा की जिंदगी में ऐसे बचाएं पैसे, ये पांच आसान टिप्स बदल देंगे आपकी फाइनेंशियल आदतें

फैन मोड पर AC चलाएं

जब आप सीजन में पहली बार एसी (AC) चलाएं तो उसे सीधे कूलिंग के बजाय सबसे पहले फैन मोड पर स्टार्ट करें. इससे फायदा यह होगा कि अगर एसी के अंदर थोड़ी-बहुत धूल या गंदगी होगी, तो वह बाहर निकल जाएगी. साथ ही अगर मशीन में कोई छोटी-मोटी तकनीकी दिक्कत होगी तो कंप्रेसर चालू होने से पहले ही उसका पता चल जाएगा. इस तरीके से आप अपने एसी के कीमती कंप्रेसर को खराब होने से बचा सकते हैं.

Exit mobile version