Desi Ghee Trick: अगर आप मलाई मथने और मक्खन निकालने के लंबे झंझट से बचना चाहते हैं, तो ये आसान किचन ट्रिक आपके बहुत काम आ सकती है. आज हम आपको मलाई से घी निकालने की ऐसी ट्रिक बताने वाले हैं जिसकी मदद से आप बिना मक्खन निकाले आसानी से घी निकाल सकते हैं. इसके साथ ही आपको खूब सारा पनीर भी मिलेगा.
घर में रोज दूध आता है, जिस पर से मलाई भी रोज ही उतरती है. ज्यादातर लोग दूध की उतरी मलाई को जमा करते हैं. धीरे-धीरे जब जमा हो जाती है तो कुछ लोग इसी मलाई से घर का देसी घी बनाते हैं. लेकिन बहुत से लोग घी निकालने के लंबे प्रोसेस को सोचकर मलाई को सीधे कूड़ेदान में फेंक देते हैं. अगर आप भी उन्हीं में शामिल हैं तो आगे से ऐसा ना करें.
बिना मक्खन के कैसे बनाएं घी?
स्टेप 1: मलाई तैयार करें
शुद्ध देसी घी और पनीर निकालने के लिए करीब 1 हफ्ते की जमा की हुई दूध की मलाई लें. अगर मलाई फ्रीजर में रखी है तो घी बनाने से कुछ घंटे पहले उसे बाहर निकाल कर रख दें, ताकि वो अच्छी तरह सॉफ्ट हो जाए.
स्टेप 2: पहली बार पकाएं
अब इसे मोटे तले वाली कड़ाही में डालें. इसमें थोड़ा सा पानी मिलाकर धीमी से मीडियम आंच पर पकाएं. मलाई को बीच-बीच में चलाते रहें ताकि वो नीचे चिपके नहीं. जब मलाई पूरी तरह पिघलकर दूध जैसी नजर आने लगे तो गैस बंद कर दें.
स्टेप 3: फ्रिज में जमाएं
अब इस पिघली हुई मलाई के बीच एक ऐसा गिलास रखें जिसमें पानी भरा हो. गिलास को कड़ाही के बीच में ही रखें और कड़ाही को रातभर के लिए फ्रिज में रख दें. सुबह तक मलाई अच्छी तरह जम जाएगी.
स्टेप 4: एक्स्ट्रा पानी निकालें
सुबह गिलास को बाहर निकाल लें. जहां गिलास रखा था वहां एक गड्ढा बन जाएगा. इसमें ठंडा पानी डालें और उस पानी को दूसरे बर्तन में निकाल लें. ऐसा एक-दो बार करने से मलाई से एक्स्ट्रा पानी अलग हो जाएगा. इस पानी को फेंके नहीं. इसमें थोड़ा नमक डालकर पिया जा सकता है या इसे कढ़ी जैसी डिश में इस्तेमाल किया जा सकता है.
पनीर बनाने के टिप्स
जमी हुई मलाई को फिर से कड़ाही में डालकर धीमी से मीडियम आंच पर पकाएं. ध्यान रखें अगर आपको घी के साथ पनीर भी चाहिए तो मलाई को बहुत ज्यादा नहीं पकाना है. जब मलाई पूरी तरह पिघल जाए और उसका रंग हल्का पीला पड़ने लगे तब गैस बंद कर दें. अब इसे छान लें. छानने के बाद जो ठोस हिस्सा बचेगा उसे साफ कपड़े में बांधकर कुछ देर किसी भारी चीज के नीचे रख दें. आपका घर का ताजा पनीर तैयार हो जाएगा.
ये भी पढ़ेंः छात्रों के प्रोटेस्ट का असर! योगी सरकार का अधिकारियों को अल्टीमेटम, हो सकती है कार्रवाई
