e-Shram Portale: ई-श्रम पोर्टल देश के उन करोड़ों मजदूरू के लिए सरकार की एक बहुत ही फायदेमंद योजना है जो असंगठित क्षेत्र जैसे खेती, मजदूरी या छोटे-मोटे काम करते हैं. केंद्र सरकार ने इस ऑनलाइन वेबसाइट की शुरुआत इसलिए की है ताकि देश के सभी कामकाजी लोगों की पूरी जानकारी एक जगह जमा की जा सके, जिससे उन्हें सरकारी मदद, बीमा और पेंशन जैसी जरूरी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के सीधे मिल सके. सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, 14 जुलाई 2026 तक इस पोर्टल पर 31.78 करोड़ से भी ज्यादा मजदूर अपना रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं. आइए जानते हैं कि आखिर यह ई-श्रम पोर्टल क्या है और इसके क्या फायदे हैं.
ई-श्रम पोर्टल क्या है?
ई-श्रम पोर्टल श्रम और रोजगार मंत्रालय द्वारा बनाई गई एक डिजिटल वेबसाइट है. इसका मुख्य काम देश के सभी असंगठित मजदूरों की जानकारी को एक जगह इकट्ठा करना है. इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने वाले हर मजदूर को एक UAN मिलता है, जो पूरे देश में उनकी एक परमानेंट पहचान बन जाता है.
यह पोर्टल किन लोगों के लिए है?
इस पोर्टल का फायदा उन सभी लोगों को मिलता है जो बिना किसी फिक्स सैलरी या कंपनी के काम करते हैं. इसमें घर का काम करने वाले, दिहाड़ी मजदूर, मकान बनाने वाले, रेहड़ी-पटरी वाले, ऑनलाइन डिलीवरी बॉय, छोटे किसान और खुद का छोटा-मोटा काम करने वाले लोग शामिल हैं. इसके लिए कुछ शर्तें भी हैं, जैसे मजदूर की उम्र 16 से 59 साल के बीच होनी चाहिए.
ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कैसे करें?
- कोई भी मजदूर ई-श्रम की ऑफिशियल वेबसाइट https://register.eshram.gov.in/#/user/self पर जाकर खुद ऑनलाइन फॉर्म भर सकता है.
- सबसे पहले वेबसाइट पर जाकर आपको अपना वह मोबाइल नंबर डालना होगा जो आपके आधार कार्ड से जुड़ा है.
- मोबाइल नंबर डालने के बाद आपके फोन पर एक OTPआएगा, जिसे वेबसाइट पर दर्ज करना होगा.
- इसके बाद आपको अपना पता, पैन कार्ड और आप क्या काम करते हैं, जैसी जरूरी जानकारियां भरनी होंगी.
- सभी जानकारी भरने और सबमिट करने के बाद आपका ई-श्रम कार्ड स्क्रीन पर आ जाएगा, जिसे आप डाउनलोड कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें-RBI की बड़ी तैयारी! जल्द आ सकते हैं 10 और 20 रुपये के पॉलीमर नोट, जानिए क्या होगा बदलाव
ई-श्रम कार्ड के क्या फायदे हैं?
- ई-श्रम कार्ड मिलने पर तुरंत कोई नगद पैसा नहीं मिलता है, लेकिन यह भविष्य में मिलने वाली सरकारी मदद के लिए बहुत जरूरी है.
- सरकार ने अब इस कार्ड को आयुष्मान भारत, मुफ्त बीमा योजनाएं, पीएम आवास और मुफ्त राशन जैसी बड़ी सरकारी सुविधाओं से जोड़ दिया है, ताकि फ्यूचर में मजदूरों को इन सभी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके.
