Ola Roadster Price Cut 2026: ओला अपनी घटती बिक्री को फिर से बढ़ाने के लिए बड़े कदम उठा रही है. फरवरी में कम सेल की वजह से ओला टॉप-5 कंपनियों की लिस्ट से बाहर हो गई है. अपनी स्थिति सुधारने के लिए कंपनी ने अपनी ‘Roadster’ बाइक सीरीज के दाम घटा दिए हैं और साथ ही ग्राहकों के लिए खास ‘होली ऑफर’ भी पेश किया है. भारतीय इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बाज़ार में Ola Electric की हिस्सेदारी भारी गिरावट के साथ 4% पर आ गई है, जो पिछले साल जनवरी में 24% थी. ऐसे में आइए जनते हैं कि ओला की गाड़ियों की कीमतों में गिरावट आने के बाद अब कितने में मिल रही हैं.
ओला Roadster X बाइक्स की कीमत कितनी है?
ओला ने अपने Roadster X पोर्टफोलियो के तीनों बैटरी मॉडल्स की कीमतों में बदलाव किया है, जिससे अब ये पहले से सस्ते हो गए हैं. अब ग्राहक इसके शुरुआती 2.5kWh वेरिएंट को 79,999 रुपये में खरीद सकते हैं, जबकि बीच वाले 3.5kWh वेरिएंट की कीमत 92,999 रुपये तय की गई है. वहीं इस सीरीज का सबसे पावरफुल 4.5kWh वाला टॉप वेरिएंट अब 99,999 रुपये (एक्स-शोरूम) में मिल रहा है.
Ola Roadster X+ कीमत
ओला ने अपने प्रीमियम फीचर्स और बड़ी बैटरी वाले Roadster X+ मॉडल के दाम भी घटा दिए हैं, ताकि ये अधिक लोगों के बजट में आ सके. अब इसका 4.5kWh बैटरी वाला वेरिएंट 1.09 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) में मिल रहा है, जबकि बड़े 9.1kWh बैटरी वाले टॉप वेरिएंट की कीमत 1.89 लाख तय की गई है. कीमतों में यह कटौती मुख्य रूप से ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए की गई है.
Ola ने कौन सा होली ऑफर शुरू किया है?
होली के अवसर पर ओला इलेक्ट्रिक ने एक खास ‘मुहूर्त महोत्सव’ (Muhurat Mahotsav) ऑफर शुरू किया है, जो केवल एक सीमित समय के लिए उपलब्ध होगा. इस फेस्टिव सेल के दौरान ग्राहक तय किए गए 90 मिनट के खास ‘विंडो’ (shubh muhurat windows) में ओला की गाड़ियों को विशेष कम कीमतों पर बुक कर सकते हैं. इसके साथ ही कंपनी चुनिंदा S1 Pro और S1 Pro+ मॉडल खरीदने वालों को 8 साल की फ्री एक्सटेंडेड वारंटी का फायदा भी दे रही है.
Roadster X बाइक कितने में लॉन्च हुई थी?
बता दें कि ओला ने Roadster X बाइक को पिछले साल मार्केट में लॉन्च किया था. उस समय Ola Roadster X बाइक की कीमत 99,999 रुपये के शुरुआती दामों में मिलती थी. वहीं अब Ola Roadster X+ की कीमत 1.29 लाख रुपये (एक्स शोरूम) में मिल रही है.
ये भी पढ़ें-iPhone 17e की भारत में एंट्री, कम कीमत में मिलेंगें दमदार फीचर्स और नया A19 प्रोसेसर, जानिए प्राइस
बाइक्स के दामों में क्यों कटौती किया गया?
ओला इलेक्ट्रिक भारतीय मार्केट में अपनी खोई हुई पहचान को वापस पाने की कोशिश कर रही है. एक समय था जब ओला का मार्केट में एकतरफा राज था और वह बड़ी-बड़ी कंपनियों को कड़ी टक्कर दे रही थी, लेकिन फरवरी 2026 में कंपनी की बिक्री घटकर मात्र 3,968 यूनिट्स रह गई है. इस बड़ी गिरावट के चलते ओला अब मार्केट शेयर के मामले में खिसक कर छठे नंबर पर पहुंच गई है.
