Mandatory Voice SMS Only Plans: अगर आप भी मोबाइल फोन यूजर हैं, तो यह खबर आपकी लिए है. कई ऐसे स्मार्टफोन यूजर्स हैं, जिन्हें डेटा वाले प्लान की जरूरत नहीं होती है, लेकिन बिना डेटा वाला प्लान उपलब्ध न होने की वजह से उन्हें महंगे रिचार्ज कराने पड़ते हैं. बिना डेटा वाले प्लान की सबसे ज्यादा जरूरत किसानों, मजदूरों और उन लोगों को होती है, जो स्मार्टफोन की जगह कीपैड मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं. यूजर्स की इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी TRAI ने उपभोक्ता संरक्षण नियमों में बदलाव किया है.
बिना डेटा वाले प्लान की होगी सुविधा
अभी Jio, Vi और Airtel जैसी टेलीकॉम कंपनियों के कई रिचार्ज प्लान में डेटा शामिल होता है. ऐसे में जिन यूजर्स को सिर्फ कॉलिंग और SMS की जरूरत होती है, उन्हें भी डेटा के लिए पैसे खर्च करने पड़ते हैं. नए नियमों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को वॉयस और SMS बेस्ड प्लान उपलब्ध कराने होंगे. अगर यह नियम लागू होता है, तो इसका सीधा फायदा उन ग्राहकों को मिल सकता है, जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं होती.
TRAI ने किए नियमों में बदलाव
बता दें कि 21 सितंबर 2026 को TRAI ने उपभोक्ता संरक्षण नियमों में संशोधन किया है. हालांकि, इन नियमों को लागू होने में अभी कुछ समय लग सकता है. ऑफिशियल राजपत्र में नोटिफिकेशन प्रकाशित होने के लगभग 30 दिन बाद कंपनियों को नए प्रवधानों के अनुसार बदलाव करने होंगे और वॉयस-SMS आधारित रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराने होंगे.
कितनी सस्ती हो सकती है कीमत
अब आपके मन में सवाल होगा कि अगर TRAI का नया नियम लागू होता है, तो मौजूदा रिचार्ज प्लान की तुलना में नया प्लान कितना सस्ता हो सकता है. नए वॉयस-SMS प्लान की कीमत को लेकर अभी कोई ऑफिशियल कीमत घोषित नहीं की गई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, अगर किसी टेलीकॉम कंपनी का डेटा वाला रिचार्ज प्लान 350 रुपये का है, तो डेटा हटाने के बाद सिर्फ कॉलिंग और SMS वाला प्लान करीब 150 से 200 रुपये के आसपास हो सकता है.
ये भी पढ़ें-क्या आप भी कर रहे हैं किसी और के नाम का SIM इस्तेमाल? हो सकती है जेल और 50 लाख का जुर्माना
वैलिडिटी में भी मिल सकता है फायदा
नए नियम लागू होने के बाद वैलिडिटी को लेकर भी यूजर्स को फायदा मिल सकता है. रिपोर्ट्स के अनुसार, 28 दिन वाले प्लान में 30 दिन की वैलिडिटी का ऑप्शन भी मिल सकता है. इससे ग्राहकों को बार-बार रिचार्ज कराने की जरूरत कम हो सकती है.
