Disappearing Text Messages Update: WhatsApp अपने यूजर्स की प्राइवेसी को बेहतर बनाने के लिए लगातार नए फीचर्स पर काम कर रहा है. इसी बीच में कंपनी अब एक ऐसा फीचर लाने की तैयारी कर रही है, जिससे भेजे गए टेक्स्ट मैसेज को सामने वाला व्यक्ति सिर्फ एक बार ही पढ़ सकेगी. खास बात यह है कि मैसेज देखने के बाद वह अपने आप गायब हो जाएगा. इतना ही नहीं, यूजर न तो उसका स्क्रीनशॉट ले पाएगा और न ही उसे कॉपी या फॉरवर्ड कर सकेगा.
टेक्स्ट मैसेज के लिए मिलेगा View Once का ऑप्शन
अभी तक WhatsApp पर View Once की सुविधा सिर्फ फोटो, वीडियो और वॉयस मैसेज के लिए उपलब्ध है. इसके जरिए भेजे गए कंटेंट को एक बार देखने या सुनने के बाद दोबारा नहीं खोला जा सकता. अब कंपनी इसी सुविधा को टेक्स्ट मैसेज के लिए भी शुरू करने की तैयार में है. रिपोर्ट के अनुसार, इस फीचर की टेस्टिंग Android बीटा वर्जन 2.26.45.6 में कुछ यूजर्स के साथ की जा रही है.
मैसेज खोलते ही हो जाएगा गायब
नए फीचर में भेजा गया टेक्स्ट सामान्य चैट की तरह दिखाई नहीं देगा. इसे पढ़ने के लिए रिसीवर को मैसेज पर टैप करना होगा. इसके बाद टेक्स्ट एक अलग विंडो में खुलेगा. जैसे ही यूजर उस विंडो को बंद करेगा, मैसेज गायब हो जाएगा. इसके बाद उसे दोबारा पढ़ना संभव नहीं होगा. साथ ही स्क्रीनशॉट, स्क्रीन रिकॉर्डिंग, कॉपी और फॉरवर्ड करने जैसे विकल्प भी ब्लॉक किए जा सकते हैं.
ऐसे इस्तेमाल कर सकेंगे नया फीचर
रिपोर्ट के अनुसार, यूजर्स को चैट में ही View Once Text Message का ऑप्शन मिल सकता है. इसके लिए पहले सामान्य तरीके से मैसेज टाइप करना होगा. फिर Send बटन को कुछ देर दबाकर रखने पर View Once का ऑप्शन दिखाई दे सकता है. इसे चुनने के बाद मैसेज भेजा जा सकेगा. पहली बार इस्तेमाल करने पर WhatsApp इसका छोटा ट्यूटोरियल भी दिखा सकता है.
फिलहाल बीटा वर्जन में चल रही टेस्टिंग
इस फीचर का मकसद पासवर्ड और OTP जैसी जरूरी जानकारी को सुरक्षित तरीके से शेयर करने की सुविधा देना है. फिलहाल इसकी टेस्टिंग कुछ Android बीटा यूजर्स के लिए जारी है. आने वाले हफ्तों में इसका दायरा बढ़ाया जा सकता है.
