आगरा में रेलवे अधिकारी अभिषेक सिंह का ऑफिस के सोफे पर पड़ा मिला शव, पत्नी ने अधिकारियों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप
आगरा में रेलवे अधिकारी अभिषेक सिंह का ऑफिस के सोफे में पड़ा मिला शव
Abhishek Singh Body Found On Sofa: उत्तर प्रदेश के आगरा रेल मंडल के डीआरएम कार्यालय में असिस्टेंट ऑपरेशंस मैनेजर (AOM) अभिषेक सिंह का संदिग्ध हालत में शव मिलने से हड़कंप मच गया. एक ओर जहां उनकी पत्नी और परिवार ने मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है, तो वहीं अभिषेक के शव के पास एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. फिलहाल, मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुट गई हैं.
जानकारी के अनुसार, मृतक अभिषेक रविवार की सुबह ऑफिस आए थे और दोपहर में घर लौट गए. जब घर से दोबारा ऑफिस आए, तो अपने साथ एक डायरी भी लेकर आए. लेकिन इस बार वे घर नहीं लौट पाए. जब काफी देर तक उनका कहीं अता-पता नहीं चला तो परिजनों ने संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनका फोन बंद मिला. फोन बंद होने पर परिजन सीधे कार्यालय पहुंच गए. कार्यालय में जब अभिषेक का चैंबर खोलकर देखा तो हैरान रह गए. क्योंकि अंदर अभिषेक मृत पाए गए.
मौके पर पड़ी मिलीं गोलियां
इस दौरान परिजनों ने जब अभिषेक को देखा, तो घबरा गए और इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों के साथ ही पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने अभिषेक को अस्पताल ले गई, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. मौके पर कुछ गोलियां पड़ी मिलीं. जिसकी जांच की जा रही है.
परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
हादसे के बाद प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन परिवार ने बड़ा आरोप लगाया है. परिवार के मुताबिक, सीनियर अधिकारी अभिषेक को टॉर्चर कर रहा थे. छुट्टी नहीं देते थे. हाल ही में उनका ट्रांसफर प्रयागराज से आगरा के लिए हुआ था. जिसके बाद सीनियर अधिकारी लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे. इतना ही नहीं परिजनों ने आरोप लगाया कि सीनियर अधिकारी कहते थे कि जिंदगी खराब कर देंगे. जिसकी वजह से अभिषेक ने ऐसा कदम उठाया होगा.
ये भी पढ़ेंः जिंदा चूहे को लटकाकर पेट्रोल डाला, फिर लगा दी आग, 4 युवकों पर FIR दर्ज
मेरी मौत का कोई जिम्मेदार नहींः सुसाइड नोट
वहीं, अभिषेक का शव जिस जगह पर पड़ा था. वहां से सुसाइड नोट बरामद हुआ है. जब पुलिस ने सुसाइड नोट को पढा, तो उसमें लिखा था कि मेरी मौत का कोई जिम्मेदार नहीं है. सुसाइड नोट में पिता की मौत और याददाश्त कमजोर होने का जिक्र है. फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच की जा रही है.