Election Commission Office Controversy: समाजवादी पार्टी के मुखिया और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं. अखिलेश यादव ने वोटर लिस्ट में हुई गड़बड़ियों को लेकर कहा कि सभी दरवाजे खटखटाने होंगे. उन्होंने पूछा कि सीएम निर्देश देने वाले कौन होते हैं जो कहते हैं कि 200 वोट बढ़ा दिए जाएं. ऐसे में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर तो सवाल उठेंगे ही. जानें अखिलेश यादव ने क्या कहा?
अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग के अधिकारी भाजपा के इशारों पर काम कर रहे हैं. इसलिए चुनावों में बेईमानी की जा रही है. अखिलेश यादव ने यह बात लखनऊ के लोहिया पार्क में आयोजित कार्यक्रम में कही. आजमगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां पर बड़े पैमाने पर डबल वोट बनाए जाने की जानकारी सामने आई है, जो चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े करती है.
चुनाव आयोग पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को देशभर में चुनाव आयोग के माध्यम से चुनावों में बेईमानी ही करनी है, तो इतने बड़े-बड़े कार्यालय बनाने की क्या जरूरत है. इस दौरान अखिलेश ने टीसीएस कंपनी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि SIR के दौरान समाजवादी पार्टी के समर्थकों के वोट कटवाए गए. इसके लिए समाजवादी पार्टी ने सबूतों के साथ शिकायत की, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई.
ये भी पढ़ेंः कौन हैं ममता चौधरी? अजय राय से पंगा लेकर सुर्खियों में आईं, जमकर हुआ था हंगामा
चुनाव में वोटिंग को लेकर कहा कि भाजपा ने सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों से भी वोट डलवाए. महिलाओं को मतदान करने से रोकने के लिए पुलिस ने उन पर रिवॉल्वर तानी थी.
दिल्ली में जारी है प्रदर्शन
बता दें, आज दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ समाजवादी पार्टी समेत सभी विपक्षी दलों ने मार्च किया है. यह प्रदर्शन कई दिनों से चल रहा है. जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की जा रही है.
