आजम खान की अखिलेश से कैसी ख्वाहिश? बोले- 6 महीने जेल में रहकर देखते तो पता चलता

Azam Khan: आजम खान ने लखनऊ में कहा कि जब मैं जेल में था तो अपने बेटे से यही कहता था. अखिलेश यादव भी 6 महीने के लिए जेल आ जाएं तो पता चलेगा कैसे द‍िन और रात निकलती है.
azam khan

आजम खान

Azam Khan Emotional Speech: समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता आजम खान ने जेल में बिताए साढ़े पांच साल का दर्द बयां करते हुए एक ऐसी बात कह दी, जिसने सियासी गलियारों में चर्चा छेड़ दी है. आजम खान ने कहा कि जेल में रहते हुए उनकी इच्छा होती थी कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी कम से कम छह महीने जेल में रहें, ताकि उन्हें भी पता चले कि जेल की जिंदगी आखिर कैसी होती है. खास बात यह है कि आजम ने यह बात अखिलेश यादव के सामने ही कही है.

दरअसल, गुरुवार को समाजवादी पार्टी के 2027 विधानसभा चुनाव के लिए PDA घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम में आजम खान ने अपने जेल के अनुभव साझा किए. इस दौरान उनका भाषण केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उसमें परिवार, डर, तकलीफ और पार्टी के साथ लंबे रिश्ते की झलक भी दिखाई दी.

आजम खान ने क्‍या कहा?

आजम खान ने बताया कि जेल में रहने के दौरान उन्होंने अपने बेटे अब्दुल्ला आजम से कई बार कहा था कि दिल चाहता है अखिलेश यादव भी छह महीने जेल में रहकर देखें. ऐसा कहने के पीछे उनका मकसद किसी को सजा दिलाने की बात नहीं, बल्कि जेल में कैद व्यक्ति किन हालात से गुजरता है, इसका अनुभव समझाने की इच्छा थी.

अपने और बेटे के साथ जेल में हुए व्यवहार का जिक्र करते हुए आजम ने एक बेहद डरावना किस्सा भी सुनाया. उन्होंने बताया कि एक बार जेल से दूसरी जगह ले जाते समय उन्हें और अब्दुल्ला को अलग-अलग गाड़ियों में बैठाया जा रहा था. जब उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि बेटे को अलग क्यों ले जाया जा रहा है, तो कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला. उस वक्त उन्हें डर था कि शायद यह उनकी आखिरी मुलाकात हो.

जेल का असर अब हमारे दिमाग पर- आजम

आजम खान ने कहा कि जेल में बिताए वक्त ने उनके शरीर, दिल और दिमाग पर गहरा असर डाला. उन्होंने दावा किया कि जिस तरह की परेशानियां उन्हें और उनके परिवार को झेलनी पड़ीं, उससे कमजोर व्यक्ति शायद टूट जाता. उन्होंने अपनी तकलीफों को शायरी के जरिए भी बयान किया और कहा कि वह अब भी खुद को संभालकर खड़े हैं.

अपने राजनीतिक सफर और समाजवादी पार्टी से करीब पांच दशक के जुड़ाव का जिक्र करते हुए आजम ने अखिलेश यादव के प्रति समर्थन भी जताया. उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि अखिलेश आगे भी प्रदेश की राजनीति में बड़ी भूमिका निभाएंगे. इस पूरे भाषण में जेल की पीड़ा, पार्टी के प्रति वफादारी और राजनीतिक कटाक्ष तीनों एक साथ नजर आए.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें