Ayodhya Ram Mandir VIP Pass Rule: भगवान राम की नगरी अयोध्या से राम भक्तों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में राम दरबार के दर्शन की व्यवस्था में बदलाव किया गया है.अब श्रद्धालुओं को राम दरबार के दर्शन के लिए अलग से विशेष पास लेने की जरूरत नहीं होगी. मंदिर प्रबंधन ने यह व्यवस्था समाप्त कर दी है, जिससे देश-विदेश से आने वाले भक्तों के लिए दर्शन प्रक्रिया पहले से आसान हो जाएगी.
आसान भाषा में कहा जाए तो श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में ट्रस्ट ने वीआईपी पास सेवा को बंद कर दिया है. इस सेवा को लेकर लंबे समय से सवाल उठाए जा रहे थे.
नई व्यवस्था के अनुसार, श्रद्धालु सामान्य दर्शन प्रक्रिया के तहत रामलला के दर्शन करने के बाद मंदिर के प्रथम तल पर स्थित राम दरबार तक जा सकेंगे. इससे पहले राम दरबार दर्शन के लिए अलग अनुमति या विशेष पास की आवश्यकता होती थी. उस व्यवस्था के कारण कई भक्तों को समस्या का सामना करना पड़ता था.
क्यों किया गया बदलाव?
मंदिर प्रशासन का उद्देश्य दर्शन व्यवस्था को अधिक सरल और भक्तों के अनुकूल बनाना है. राम मंदिर में लगातार बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. ऐसे में अलग-अलग पास व्यवस्था को कम करके भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने और भक्तों की सुविधा बढ़ाने पर जोर दिया गया है.
राम दरबार के दर्शन को लेकर भक्तों में काफी उत्साह है. पहले सीमित संख्या और पास व्यवस्था के कारण कई श्रद्धालु इस दर्शन से वंचित रह जाते थे. नई व्यवस्था लागू होने के बाद अधिक लोग बिना अतिरिक्त प्रक्रिया के राम दरबार के दर्शन कर सकेंगे.
मंदिर में लगातार किए जा रहे कई बदलाव
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट समय-समय पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए दर्शन व्यवस्था में बदलाव करता रहा है. मंदिर परिसर में सुचारू आवागमन और सभी भक्तों को बेहतर अनुभव देने के लिए यह कदम उठाया गया है.
इस बदलाव के बाद अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रामलला के साथ-साथ राम दरबार के दर्शन करना भी अधिक सहज हो जाएगा. मंदिर प्रशासन को उम्मीद है कि नई व्यवस्था से भक्तों को कम परेशानी होगी और दर्शन का अनुभव और बेहतर बनेगा.
ये भी पढ़ें:दान घोटाले के आरोपों से घिरा सिद्धिविनायक मंदिर! अब दान और VIP दर्शन व्यवस्था में हो सकते हैं बड़े बदलाव
