Vistaar NEWS

46 साल पुराने हत्याकांड मामले में पूर्व विधायक विजय मिश्रा को उम्रकैद, कोर्ट ने 1 लाख का ठोका जुर्माना

विजय मिश्रा

विजय मिश्रा

Bahubali Vijay Mishra: उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता और पूर्व विधायक व‍िजय मिश्रा को बड़ा झटका लगा है. प्रयागराज की एमपी-एमएलए कोर्ट ने करीब 46 साल पुराने चर्चित कचहरी हत्याकांड में उम्रकैद की सजा सुनाई है. यह मामला 11 फरवरी 1980 का है, जब प्रयागराज की अदालत परिसर में दिनदहाड़े गोलीबारी हुई थी और प्रकाश नारायण पांडेय नाम के युवक की हत्या कर दी गई थी. इसी मामले में कोर्ट का फैसला आया है.

प्रकाश नारायण पांडेय अपने खिलाफ दर्ज एक मामले में जमानत कराने कोर्ट पहुंचे थे. उसी दौरान उन पर हमला किया गया था. आरोप था कि विजय मिश्रा समेत चार लोगों ने मिलकर कोर्ट परिसर में गोली चलाई, जिसमें पांडेय की मौत हो गई जबकि कई अन्य लोग भी घायल हुए थे. इस घटना ने उस समय पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी.

पूरा मामला लंबे समय तक अदालतों में चलता रहा, सुनवाई के दौरान कई बार केस की फाइलें गायब होने और जांच प्रभावित करने जैसे आरोप भी सामने आए. आखिरकार विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट ने विजय मिश्रा सहित अन्य आरोपियों को दोषी मानते हुए सजा का फैसला सुनाया है.

पूर्वांचल का बड़ा चेहरा हैं व‍िजय मिश्रा

विजय मिश्रा पूर्वांचल की राजनीति में लंबे समय तक प्रभावशाली चेहरा रहे हैं. वह भदोही जिले की ज्ञानपुर सीट से कई बार विधायक रह चुके हैं. उनके खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर मामलों समेत दर्जनों मुकदमे दर्ज रहे हैं. हालांकि कुछ मामलों में उन्हें पहले राहत भी मिल चुकी है.

पहले भी कई मामलों में सुनाई जा चुकी है सजा

यह पहली बार नहीं है जब विजय मिश्रा को किसी बड़े मामले में सजा मिली हो.इससे पहले भी उन्हें रेप केस और अन्य आपराधिक मामलों में अदालत दोषी ठहरा चुकी है.फिलहाल वह जेल में बंद हैं और अब इस पुराने हत्याकांड में उम्रकैद मिलने के बाद उनकी कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं.

ये भी पढ़ें: लखनऊ: प्रतीक यादव के घर पहुंचे मुख्‍यमंत्री योगी, अपर्णा का बंधाया ढांढस, अख‍िलेश हुए भावुक

Exit mobile version