Mumbai Drain Body Found: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के रेहड़ थाना क्षेत्र की रहने वाली रुखसाना का 18 अक्टूबर को मुंबई में बांद्रा के नाले में सड़ा-गला शव मिला. रुखसाना के 3 बच्चे हैं, जिसे वह छोड़कर जुलाई में अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी. लेकिन पिछले 26 सितंबर से उसका कोई अता-पता नहीं था. हालांकि, इसकी सूचना महिला के प्रेमी ने ही पुलिस को दी थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी. इसी बीच महिला का नाले में पड़ा शव मिला. फिलहाल, पुलिस हर एंगल से जांच करने में जुटी है. जानें क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, सादकपुर की रहने वाली रुखसाना की शादी हो चुकी थी और उसके तीन बच्चे भी हैं. लेकिन शादी के कई सालों बाद भी महिला अपने पुराने प्रेमी को नहीं भूल पाई और प्रेमी के साथ ही रहने की जिद करने लगी. एक दिन ऐसा भी आया जब महिला ने अपने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रवाना हो गई.
20 दिनों बाद मिला शव
महिला का प्रेमी साकिब मुंबई में ऑटो रिक्शा चलाकर अपने परिवार का गुजारा चलाता था. उसके साथ उसकी पत्नी भी रहती थी, लेकिन अब प्रेमिका रुखसाना भी रहने लगी. कुछ दिनों तक सबकुछ ठीकठाक रहा, लेकिन इसके बाद ही दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगा. इसी बीच रुखसाना अचानक लापता हो गई और अब 20 दिनों बाद उसका सड़ा-गला शव मिला है.
पिता ने हत्या का लगाया आरोप
शव मिलने के बाद रुखसाना के पिता ने प्रेमी साकिब पर हत्या का आरोप लगाया है. पिता ने बताया कि साकिब ने रुखसाना को प्रेमजाल में फंसाया और फिर उसकी जान ले ली. फिलहाल, रुखसाना का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक की लहर दौड़ पड़ी. रुखसाना के पिता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है.
