Babar Followers Attack Speech: उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले सभी दलों ने प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है. आज सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मेरठ पहुंचकर शक्ति केंद्र सम्मेलन में शामिल हुए. इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए. जहां उन्होंने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा और कहा कि राजनीति में राजनीतिक दलों में यह प्रासंगिक हो गया कि अपना उल्लू सीधा करना है येन केन प्रकारेण! इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रभु राम का नाम लेने पर कुछ लोगों को ऐसे दिक्कत होती थी जैसे बाबर को. पढे़ं सीएम योगी ने क्या कहा?
सीएम योगी ने मंच से विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला और कहा कि सपा, कांग्रेस, बसपा और इंडी गठबंधन ने परिवारवाद की बीमारी दी थी. उनके लिए सत्ता शोषण और परिवारवाद को बढ़ाने का माध्यम बन गया था. भाजपा सरकार से पहले सनातन परंपरा को कोसने का प्रयास किया जाता था. देश की हिंदू परंपरा को गजनवी, गौरी, इब्राहिम लोदी, बाबर और औरंगजेब के बराबर ठहराने के प्रयास होते थे. लेकिन अब नया भारत इस गुलामी मानसिकता को पूरी तरह खत्म कर रहा है.
विपक्ष पर जमकर बरसे सीएम
सीएम योगी ने कहा कि अकेले भारतीय जनता पार्टी ही ऐसा दल है. जहां व्यक्ति से बढ़कर दल, दल से बढ़कर राष्ट्र है. भाजपा के लिए सबकुछ देश है. विपक्षी दलों की सरकार के समय लोग पलायन पर मजबूर होते थे. अन्नदाता किसान आत्महत्या के लिए मजबूर हो जाता था. लेकिन आज ऐसा बिल्कुल भी नहीं है.
ये भी पढ़ेंः सपा-कांग्रेस गठबंधन पर इमरान मसूद का अल्टीमेटम! बोले- फाइनल करो, नहीं तो हम अपनी राह चलेंगे
कट्टा और बंदूक की राजनीति नहीं होती: सीएम योगी
इस दौरान सीएम ने कहा कि अब प्रदेश में कट्टा और बंदूक की राजनीति नहीं होती है. प्रदेश में अब कानून व्यवस्था पर सबको भरोसा है. उन लोगों ने तो कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई थी, लेकिन हमने कहा था कि कांवड़ यात्रा धूमधाम से निकलेगी और निकली. सीएम ने कहा, जिसने भारत को चुनौती देने का दुस्साहस किया, उसे उसकी मांद में घुसकर जवाब देना भी नया भारत जानता है.
