SP- Congress strongholds UP: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से ही सियासी बिसात बिछाना शुरू हो गई है. इन सब के बीच सीएम योगी ने भी सत्ता की हैट्रिक लगाने के लिए कमर कस ली है. फरवरी 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं. मई से अब तक सीएम योगी यूपी के 75 में से 44 से ज्यादा जिलों का दौरा कर चुके हैं. इस दौरान उन्होंने 115 विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े करीब ₹38,000 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया है.
खास बात यह है कि इन सीटों पर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस मजबूत स्थिति में है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट की मानें तो यही वजह है कि इनको सीटों को ध्यान में रखते हुए योगी ने विकास का फॉर्मूला अपनाया है. इन परियोजनाओं में सड़क, बिजली, स्कूल, अस्पताल, कॉलेज, पानी और सामुदायिक केंद्र जैसी सुविधाओं से जुड़े काम शामिल हैं.
सपा-कांग्रेस के गढ़ों पर सेंध लगाने की तैयारी
सीएम योगी ने जिन 115 विधानसभा सीटों पर नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया है. उन सीटों पर साल 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस गठबंधन का दबदबा रहा था. लोकसभा चुनाव के आंकड़ों के मुताबिक, गठबंधन ने इन विधानसभा क्षेत्रों में करीब 58% सीटों पर बढ़त हासिल की थी.
इसी को देखते हुए सीएम योगी के दौरे और विकास परियोजनाओं को आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है. ताकि इन सीटों पर किसी न किसी तरह से सेंध लगाई जाए.
कहां कितने करोड़ के प्रोजेक्ट शुरू?
रायबरेली जिले में मुख्यमंत्री ने करीब ₹879 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण/शिलान्यास किया. इनमें बछरावां, हरचंदपुर और रायबरेली विधानसभा क्षेत्र शामिल रहे. रायबरेली लोकसभा सीट से कांग्रेस नेता राहुल गांधी सांसद हैं.
गोरखपुर जिले में सबसे ज्यादा करीब ₹4,387 करोड़ के प्रोजेक्ट शुरू किए गए. इनमें पिपराइच, गोरखपुर ग्रामीण, गोरखपुर शहरी, खजनी, चिल्लूपार समेत कई विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं.
मैनपुरी और अयोध्या पर भी फोकस
मैनपुरी जिले में करीब ₹682 करोड़ के प्रोजेक्ट शुरू किए गए. यहां करहल और मैनपुरी विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया गया. मैनपुरी लोकसभा सीट से सपा की डिंपल यादव सांसद हैं.
वहीं, अयोध्या जिले में करीब ₹810 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया. इसमें रुदौली और बीकापुर विधानसभा क्षेत्र शामिल रहे. अयोध्या लोकसभा सीट से सपा के अवधेश प्रसाद सांसद हैं.
पूरे उत्तर प्रदेश में 2024 लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी का प्रदर्शन 2019 के मुकाबले काफी कमजोर रहा. बीजेपी की सीटें 62 से घटकर 33 हो गईं, जबकि सपा और कांग्रेस ने 37 और 6 सीटें जीतीं.
ये भी पढ़ें:मंत्रालय में पहुंचा गुमनाम खत! केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को जान से मारने की धमकी, FIR दर्ज
