Vistaar NEWS

‘DM अंकल, मेरा काम कर देंगे?’, हाथरस कलेक्टर से बोली तीसरी में पढ़ने वाली मासूम, IAS ने क्या कहा?

Hathras Collector

हाथरस कलेक्टर से शिकायत करने पहुंची तीसरी क्लास की मासूम छात्रा

Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस में आयोजित जनसुनवाई के दौरान एक कक्षा 3 में पढ़ने वाली मासूम अपनी शिकायत लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स के सामने पहुंच गई. इस दौरान बच्ची ने कहा, डीएम अंकल, मेरा काम कर देंगे? मासूम की बातों को सुनकर खुद डीएम मुस्कुरा उठे और बच्ची की सराहना की. इस दौरान बच्ची से हुई बातचीत का वीडियो अपने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है. पढ़ें बच्ची ने डीएम से क्या शिकायत की?

हाथरस डीएम अतुल वत्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, ‘जनसुनवाई के दौरान सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज, हाथरस की कक्षा-3 की छात्रा आश्वी ने प्रार्थना-पत्र देकर शहर के रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम की समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया. इस दौरान छात्रा ने बताया कि वह प्रतिदिन ट्यूशन पढ़ने जाती है, किन्तु बिजली कॉटन मिल रेलवे फाटक पर कई बार मालगाड़ियों के कारण लंबे समय तक फाटक बंद रहने से उसे काफी देर तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है, जिससे वह समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पाती. छात्रा ने इस समस्या के समाधान के लिए अपने स्तर पर कुछ सुझाव भी प्रस्तुत किए.

कलेक्टर ने बच्ची को उपहार भेंट किया

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने छात्रा की जागरूकता, निर्भीकता एवं जनहित के प्रति उसकी संवेदनशील सोच की सराहना करते हुए कहा कि इतनी कम आयु में सार्वजनिक हित के विषय पर सकारात्मक पहल करना अत्यंत प्रेरणादायक है. उन्होंने छात्रा को उसकी सराहनीय पहल के लिए उपहार भेंट कर प्रोत्साहित किया. उन्होंने कहा कि रेलवे फाटकों पर यातायात जाम की समस्या जनसामान्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. इस संबंध में उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर व्यवहारिक एवं दीर्घकालिक समाधान की संभावनाओं पर आवश्यक स्तर पर विचार-विमर्श एवं पत्राचार किया जाएगा, ताकि नागरिकों को अधिकतम राहत दिलाई जा सके.

ये भी पढ़ेंः अब सरकारी स्कूलों में नहीं घुस पाएंगे बाहरी लोग, YouTubers और कंटेंट क्रिएटर्स पर लगा बैन!

Exit mobile version