NEET Exam Cancelled: नीट पेपर लीक के कारण देशभर के अलग-अलग हिस्सों से ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जो अब हर किसी को परेशान कर रही हैं. नीट पेपर लीक होने के कारण बच्चों का मानना है कि उनकी मेहनत बर्बाद चली गई. तो वहीं कुछ ऐसे मामले भी सामने आ रहे हैं कि बच्चे आत्महत्या जैसे कदम उठा रहे हैं.उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से भी ऐसा ही कुछ मामला सामने आया है.
लखीमपुर खीरी में NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे 21 वर्षीय छात्र ऋतिक मिश्रा की आत्महत्या ने परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. परिवार का कहना है कि ऋतिक पिछले तीन सालों से डॉक्टर बनने के सपने के लिए लगातार मेहनत कर रहा था. इस बार उसे सफलता की पूरी उम्मीद थी. लेकिन, पेपर लीक विवाद के बाद परीक्षा रद्द होने की खबर ने उसे अंदर तक तोड़ दिया.
परीक्षा के बाद फुल कांफिडेट था ऋतिक
ऋतिक ने 3 मई को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा दी थी. परीक्षा खत्म होने के बाद वह काफी आत्मविश्वास में था, क्योंकि पिछली कमियों को सुधार कर उसने इस बार बेहतर तैयारी की थी. लेकिन NTA द्वारा परीक्षा रद्द किए जाने के फैसले के बाद वह लगातार तनाव में रहने लगा.
परिवार में पसरा मातम
बुधवार को गांव से शहर लौटने पर उसने परिवार के सामने अपनी निराशा भी जाहिर की थी. अगले ही दिन उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन परिजनों का कहना है कि परीक्षा रद्द होने के बाद से वह मानसिक दबाव में था.
देशभर में हो रहा विरोध
इस मामले ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है. राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि छात्र परीक्षा से नहीं, बल्कि “भ्रष्ट व्यवस्था” से हार रहे हैं. वहीं कई छात्र संगठनों और विपक्षी दलों ने पेपर लीक मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है. इस तरह के मामले देशभर से सामने आ रहे हैं. छात्रों का कहना है कि अब उस तरह से दोबारा तैयारी करने में समय लगता है.
ये भी पढ़ें: NEET Exam को लेकर सरकार का बड़ा फैसला, अगले साल से कंप्यूटर के जरिए होगी परीक्षा
