Vistaar NEWS

आजम खान को इलाहाबाद हाई कोर्ट से बड़ी राहत, मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मिली अंतरिम जमानत

Azam Khan

सपा नेता आजम खान (File Photo)

Azam Khan Bail From Allahabad High Court: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को इलाहाबाद हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हाई कोर्ट ने अंतरिम जमानत दे दी है. अब अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी. इस दौरान कोर्ट ने यह भी कहा कि जेल से गेट से गिरफ्तार करना दुर्भाग्यपूर्ण है.

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने माना कि जब आजम खान की गिरफ्तारी हुई थी तो इस दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने संविधान से अनुच्छेद 22 (1) के तहत जरूरी प्रक्रियाओं का पूरी तरह से पालन नहीं किया है.

इस मामले में एक दिन पहले भी यानी कि सोमवार को भी इलाहाबाद हाई कोर्ट में सुनवाई हुई थी. जिसमें हाई कोर्ट के जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस देवेंद्र सिंह की डिवीजन बेंच ने मामले की सुनवाई की थी. इस दौरान कोर्ट के सामने ही आजम खान ने अंतरिम जमानत के लिए अर्जी भी दी थी. आज मंगलवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उनकी अर्जी को स्वीकार कर लिया और अंतरिम जमानत दे दी.

रामपुर जेल से बाहर आते ही हुए थे गिरफ्तार

हाई कोर्ट ने आजम खान को निजी मुचलके और समान राशि के दो जमानतदारों के आधार पर रिहा करने का निर्देश दिया है. आजम खान की गिरफ्तारी 31 अक्तूबर को रामपुर जिला जेल से हुई थी. आजम खान पहले से ही दो पैन कार्ड रखने के मामले में जेल में बंद थे लेकिन जमानत मिलने के बाद जब वे रिहा हुए तो कुछ ही समय के अंदर उन्हें फिर गिरफ्तार कर लिया गया. जिसको लेकर आजम खान ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. आज मंगलवार को हाई कोर्ट ने अग्रिम जमानत दे दी है.

ED ने किया था गिरफ्तार

आजम खान पर मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच चल रही है, जिसमें आजम खान पर कई गंभीर आरोप हैं. इसकी जांच ईडी कर रही है और उनकी गिरफ्तारी भी ईडी ने की थी. जिनसे पूछताछ के बाद जेल भेजा गया. फिलहाल, आजम खान अभी भी जेल में ही बंद हैं. हालांकि, अभी वे जेल से बाहर आएंगे या नहीं. अभी इसको लेकर स्पष्ट नहीं हुआ है.

Exit mobile version