Vistaar NEWS

पतियों की मौत का नया ‘क्राइम ट्रेंड’! मेरठ में प्रेमी संग जहरीले सांप से कराई हत्या, जांच में खुला खौफनाक राज

Meerut snake bite murder case

Meerut School Owner Death: देश में हाल के दिनों में पतियों की हत्या के ऐसे मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिनमें रिश्तों की दरार, प्रेम प्रसंग और लालच खौफनाक साजिशों में बदलते दिख रहे हैं. कभी पति की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश, तो कभी एक्‍सीडेंट के तरीके से हत्‍या को अंजाम देने की कोशिश की जा रही है. अब उत्तर प्रदेश के मेरठ से ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया.

हस्तिनापुर इलाके में रहने वाले 35 वर्षीय स्कूल संचालक अतुल पंवार की मौत को शुरुआत में सांप के डसने से हुई सामान्य घटना माना गया. लेकिन, जब पुलिस ने घटनास्थल और परिस्थितियों की बारीकी से जांच की तो कहानी पूरी तरह बदल गई.

पुल‍िस को जांच में क्‍या पता चला?

पुलिस के मुताबिक, अतुल की पत्नी दामिनी का स्कूल के ड्राइवर तुषार से प्रेम संबंध था. दोनों ने अतुल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. आरोप है कि वारदात वाली रात अतुल को दूध में नींद की गोलियां मिलाकर पिला दी गईं. जब वह गहरी नींद में चला गया तो तुषार और उसके दो साथियों ने जहरीले सांप को कमरे में लाकर उसके बिस्तर पर छोड़ दिया. सांप ने अतुल को डस लिया और उसकी मौत हो गई.

बीमा के पैसों के लिए रचा पूरा षड़यंत्र?

पुल‍िस जांच में यह भी सामने आया कि अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये का बीमा था. पुलिस का दावा है कि बीमा की रकम हासिल करने और साथ रहने की चाहत ने इस पूरी साजिश को जन्म दिया. आरोपियों ने वारदात में मदद करने वालों को भी रकम देने का वादा किया था. इतना ही नहीं, करीब 20 दिन पहले अतुल की कार से टक्कर मारकर हत्या की कोशिश भी की गई थी, लेकिन वह बच गया था.

पुलिस को शुरुआत से ही घटना पर शक हुआ था. मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, तकनीकी सर्विलांस और आरोपियों के फोन में मिले सांप की तस्वीरों ने पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया. अब पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

पहले भी आ चुके इस तरह के कई मामले

देशभर में हाल के महीनों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां प्रेम संबंधों या पैसों के लिए पति की हत्या की साजिश रची गई. मेरठ का यह मामला भी उसी कड़ी की एक और चौंकाने वाली मिसाल बनकर सामने आया है, जिसने रिश्तों में बढ़ते अविश्वास और अपराध के नए तरीकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए.

ये भी पढ़ें:अनशन के 21वें दिन दिल्‍ली पुलिस सोनम वांगचुक को ले गई अस्पताल, खाली कराया जा रहा जंतर-मंतर

Exit mobile version