Vistaar NEWS

प्रेमानंद महाराज के शिष्य की मौत से पहले क्या हुआ? सामने आ गया दूसरा CCTV फुटेज

Premanand maharaj Vrindavan

सीसीटीवी में द‍िखी पूरी घटना

Premanand Maharaj: वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत का मामला लगातार जांच के घेरे में है. अब घटना से ठीक पहले का एक और CCTV फुटेज सामने आया है. करीब 33 सेकंड के इस वीडियो में दीपक आश्रम की छत पर बैठे नजर आते हैं. कुछ देर बाद वह अचानक उठते हैं और छत से नीचे छलांग लगा देते हैं.

जानकारी के मुताबिक, यह घटना वृंदावन के बाराह घाट इलाके में स्थित गुरु कृपा कुंज आश्रम में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुई. CCTV में दीपक छत पर कुछ समय तक बैठे दिखाई देते हैं. इसी दौरान एक अन्य व्यक्ति सीढ़ियों से ऊपर की तरफ आता नजर आता है. हालांकि, उसके दीपक तक पहुंचने से पहले ही वह छत से नीचे कूद जाते हैं.

डॉक्‍टरों ने किया मृत घोष‍ित

नीचे गिरने के बाद दीपक को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, दीपक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है.

पर‍िवार ने लगाए कई गंभीर आरोप

मामले में परिवार की ओर से पुलिस को शिकायत भी दी गई है. परिजनों ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की मांग की है. पुलिस का कहना है कि शिकायत को भी जांच में शामिल किया गया है. किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है.

CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुल‍िस

जांच के दौरान पुलिस आश्रम में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. घटना के समय आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है. दीपक के कमरे से एक ग्राइंडर मिलने और उनके शरीर पर गंभीर चोट से जुड़े तथ्य भी जांच का हिस्सा हैं. पुलिस इन घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि के लिए सबूत जुटा रही है.

फिलहाल नए CCTV फुटेज से यह जरूर सामने आया है कि दीपक छत पर मौजूद थे और कुछ देर बाद नीचे कूदे. लेकिन उन्होंने ऐसा क्यों किया और घटना से पहले उनके साथ क्या हुआ था, इसका जवाब पुलिस की विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.

ये भी पढ़ें: पंजाब के बाद अब यूपी कांग्रेस अध्यक्ष ने की इस्तीफे की पेशकश? कौन लेगा अजय राय की जगह

Exit mobile version