Shraddha Dubey Arrested From Nagpur: लखनऊ के चर्चित करोड़पति बिजनेसमैन शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी बनाई गई श्रद्धा दुबे नागपुर से गिरफ्तार हो गई है. श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी यूपी एसटीएफ और नागपुर पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर की है. गिरफ्तारी के बाद सभी कानूनी कार्रवाई की जा रही है. श्रद्धा पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी, लेकिन पुलिस ने उसकी चालाकी को नाकाम करते हुए श्रद्धा दुबे के साथ ही बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर को गिरफ्तार कर लिया है.
नागपुर क्राइम ब्रांच के डीसीपी दीपक अग्रवाल ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन और ड्राइवर की गिरफ्तारी की पुष्टि की है. शिवा शर्मा हत्याकांड के बाद से लगातार श्रद्धा दुबे फरार चल रही थी. जिस पर यूपी पुलिस ने 50,000 रुपए का इनाम रखा था. फरारी के दौरान नेपाल घूमने का भी वीडियो सामने आया था. जिसके बाद पुलिस की कई टीमें श्रद्धा की गिरफ्तारी के लिए नेपाल भी गईं थीं. लेकिन श्रद्धा अब नागपुर से गिरफ्तार हो गई है.
5 लोगों पर है हत्या करने का आरोप
बता दें, रेस्टोरेंट संचालक शिवा शर्मा की बिल्डिंग के चौथी मंजिल से नीचे गिरने से मौत हुई थी. जानकारी के अनुसार, जब शिवा शर्मा बिल्डिंग से नीचे गिरे उस दौरान श्रद्धा उनके साथ ही थी. जिसके बाद शिवा शर्मा ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर तनवीर समेत 5 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था. शिवा शर्मा की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर गिरफ्तारी की है.
ये भी पढ़ेंः ‘संयोग या सियासी प्रयोग’ जेल में बंद आजम खान से अखिलेश यादव करेंगे मुलाकात
हत्याकांड के 11 दिनों बाद गिरफ्तारी
श्रद्धा दुबे को शिवा शर्मा की मौत के 11 दिन बाद नागपुर से गिरफ्तार किया गया है. श्रद्धा ने फरारी के दौरान लखनऊ में अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने के लिए कागजात पर दस्तखत की थी. इसके बाद फरार हो गई थी. जिसके बाद यूपी पुलिस और एसटीएफ की टीम और एक्टिव हो गई. इस दौरान आईपी एड्रेस के आधार पर लोकेशन ट्रैस किया और सीधे नागपुर में श्रद्धा दुबे के ठिकाने पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल, सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है.
