Umesh Pal Murder Case: प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में कथित शूटर मोहम्मद अरमान को यूपी पुलिस बिहार के गया से प्रयागराज ला रही है. अरमान करीब तीन साल से गया की जेल में बंद था. अब ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद बिहार पुलिस की मौजूदगी में उसे जेल से बाहर निकाला गया. मेडिकल जांच के बाद सड़क के रास्ते प्रयागराज रवाना किया गया. उसे सोमवार को जिला कोर्ट में पेश किया जाएगा.
अरमान को यूपी लाए जाने की खबर के बाद उसके परिवार ने उसकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है. उसके माता-पिता को आशंका है कि यूपी पुलिस की कस्टडी में एनकाउंटर कर सकती है. परिवार ने गया की अदालत में भी अर्जी देकर मांग की थी कि अरमान को यूपी पुलिस को न सौंपा जाए. अगर पूछताछ जरूरी है तो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की जाए. हालांकि कोर्ट ने उनकी अर्जी खारिज कर दी.
अरमान की मां ने क्या बताया?
अरमान की मां असगरी खातून का आरोप है कि उनके बेटे को इस मामले में बलि का बकरा बनाया जा रहा है. परिवार का कहना है कि अरमान कोई बड़ा या पेशेवर अपराधी नहीं है. वह पहले प्रयागराज में छोटा-मोटा काम करता था. पिता शमीम का दावा है कि उमेश पाल हत्याकांड के कई आरोपी पुलिस मुठभेड़ों में मारे जा चुके हैं, इसलिए उन्हें अरमान की जान को लेकर डर है.
उमेश पाल हत्याकांड में क्या आरोप है?
24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी. घटना के सीसीटीवी फुटेज में गोलीबारी के दौरान बाइक सवार आरोपी दिखाई दिए थे. पुलिस के मुताबिक, अरमान बाइक चला रहा था और उसके पीछे गुड्डू मुस्लिम बैठा था. पुलिस का आरोप है कि मौके पर पहुंचने के बाद दोनों ने फायरिंग की और वारदात के बाद फरार हो गए.
हत्याकांड के बाद से यूपी पुलिस अरमान की तलाश में थी. बाद में पता चला कि वह एक दूसरे मामले में गया जेल में बंद है. अब ट्रांजिट रिमांड के बाद उसे प्रयागराज लाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें:CEC ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, निलंबन से लेकर SIR तक उठेंगे सवाल
