Vistaar NEWS

कांग्रेस की प्रेशर पॉलिटिक्स नाकाम, क्या UP में टूट जाएगा गठबंधन? अखिलेश की पोस्ट से हलचल

Akhilesh Yadav And Rahul Gandhi

अखिलेश यादव और राहुल गांधी

UP Assembly Elections 2027: उत्तर प्रदेश में अगले कुछ महीनों के भीतर विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. तमाम राजनीतिक समीकरणों पर बात हो रही है. तो वहीं कई समीकरण ब‍िगड़ते नजर आ रहे हैं. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को लेकर ऐसा कहा जा रहा है कि साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे. हालांकि अब यह आसान नजर नहीं आ रहा है. क्योंकि सपा ने अपने उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर द‍िया है. इसके बाद कांग्रेस नाराज नजर आ रही है तो वहीं कांग्रेस की नाराजगी पर अखिलेश यादव का लंबा चौड़ा पोस्‍ट सामने आया है.

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि इस बार एक ऐतिहासिक अवसर है जब हम दोनों पंथनिरपेक्ष पार्टियां मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा और उनके संकीर्ण सोच के साथियों को हमेशा के लिए हराकर, देश को गलत हाथों में जाकर बर्बाद होने से बचा सकते हैं.

उन्‍होंने आगे लिखा कि हम चाहते हैं कि आप और हम जन-अपेक्षाओं व वास्तविकताओं को समझकर गंभीर विचार-विमर्श करें. जिससे अधिकांश सीटों पर अपने ‘गठबंधन’ की जीत सुनिश्चित हो. जितनी सीटें आप-हम लड़ें उनमें हमारी जीत की सीटें, न जीत पाने वाली सीटों से अधिक हों. जीत ही बंटवारे को सम्मानजनक बनाएगी क्योंकि जीती हुई सीट ही सम्मान दिलाएगी.

अखिलेश ने कांग्रेस को क्या कहा?

अखिलेश यादव ने कांग्रेस को लेकर कहा कि आपकी टीम की तरफ़ से प्राथमिकता के आधार पर दी गई सीटों में से जिन 26 सीटों पर आज बात हो गई है. उनके अतिरिक्त अन्य सभी संभावित सीटें चिह्नित करके हमें भेज दें. फिर मिल बैठकर देखेंगे कि कौन सी सीट और उस पर कौन सा कैंडिडेट जीतने की पोजीशन में है. हो सकता है कि हम अपने आकलन और जीत के गणितीय समीकरण के आधार पर कांग्रेस को ऐसी कई जीतने वाली सीटों के बारे में भी बताएं. जिन पर उन्होंने किसी कारणवश विचार ही नहीं किया है.

आगे लिखा कि हमारी कोशिश तो ये है कि जब बड़े नेता बैठें तो सभी सीटों पर ‘इंडिया गठबंधन’ के प्रत्याशी के रूप में बात हो. न कि कांग्रेस या सपा के प्रत्याशी के रूप में और सबसे अच्छी और सकारात्मक परिणाम देने वाली बात तो ये होगी कि हम लोग अपने प्रत्याशी को ‘पीडीए प्रत्याशी’ के रूप में प्रस्तुत करें.  
 
अखिलेश ने कहा कि जिस प्रकार लोकसभा में आपके संगठन ने ‘पीडीए’ के साथ पूरी तरह सहयोग किया वो सदैव सराहनीय रहेगा. क्योंकि उसने ही मिलकर साम्प्रदायिक भाजपा को धूल चटाई थी. अब इस बार भी हम लोग मिलकर उप्र में और फिर केंद्र में भी भाजपा को हराएंगे. जमीनी सर्वेक्षणों से ये बात साफ़ हो गई है कि हर शहर, मोहल्ले, गली व गाँव तक ये बात पहुँच गई है कि जो पीड़ित है, वो पीडीए है. इसलिए पूरे प्रदेश के हर समाज, हर वर्ग के ‘पीड़ित, दुखी, अपमानित’ भाजपा के खिलाफ लामबंद हो गये हैं. क्योंकि उन सबको ये विश्वास है कि ‘PDA ही NDA को हराएगा’ और पीडीए ही परिवर्तन लाएगा.

सीट बंटवारे को लेकर अखिलेश की सलाह

अखिलेश यादव ने सीट बंटवारे को लेकर कहा कि सच तो ये है कि हम नहीं चाहते हैं कि सीट का बंटवारा हमारे-तुम्हारे के भाव से हो, हम तो इसे बंटवारा नहीं, ‘सीट समायोजन’ कहना चाहते हैं. कठिन समीकरण वाली सीटों पर हम मिलकर कम-से-कम दो प्रत्याशियों पर विचार-विमर्श करके जिसकी अधिक संभावना दिखेगी उसे चुनकर मिलजुल के जिताएंगे. हम नहीं चाहते हैं कि गठबंधन में एक-दूसरे पर उम्मीदवार थोपे जाएं. बल्कि सहमति से तय किये जाएं, तब ही आपके-हमारे वोट आपस में ट्रांसफर होकर हम लोगों की जीत को सुनिश्चित करेंगे.  कल को हम मिलकर कह सकेंगे कि हम लोगों ने तो पहले ही कहा था.

बात सीट की नहीं, जीत की है- अखिलेश

अखिलेश ने कहा कि आपका-हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य सरकार बनाना है. नये हालातों और समीकरण में उसके लिए हमें-आपको कुछ लोगों को एडजस्ट और एकमोडेट करना पड़ेगा. एक-दो लोग ऐसे भी होंगे जिनसे आपने और हमने चुनाव लड़ाने का वादा किया होगा. लेकिन, वास्तविक परिस्थितियों को देखते हुए दो-चार सीटों पर बदलाव भी करने पड़ेंगे.

आगे लिखा कि भावी प्रत्याशियों को भी ये समझना होगा कि हर सीट महत्वपूर्ण है, अगर किसी को सीट नहीं मिल पा रही है या मनचाही सीट नहीं मिल रही है तो निराश न हों. अगर उनके दल के बड़े नेता ने कुछ फेरबदल या बदलाव किया है तो उसके पीछे सोच सरकार बनाने की है. सरकार बन गई तो सबको सम्मान-स्थान मिल जाएगा. हर बड़ा नेता अपनी बात का मान ख़ुद रखेगा, इतना विश्वास तो अपने नेताओं पर लोगों को रखना ही पड़ेगा.  इस तरह जो चुनाव लड़ा जाएगा उसमें आपका-हमारा संगठन मिलकर कहेगा कि हम दोनों के मिलने से हमारी तैयारी 806 सीटों के बराबर की है.

कांग्रेस की प्रेशर पॉलिटिक्स नाकाम?

कांग्रेस ने सीट बंटवारे में समाजवादी पार्टी पर प्रेशर बनाने के लिए लंबे समय से तैयार की थी. इसी के तहत प्रदेश अध्‍यक्ष से लेकर कई बड़े बदलाव किए गए थे. हालांकि ये सब कुछ किसी काम नहीं आया. अखिलेश ने अपनी राह चलते हुए उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर द‍िया है. अखिलेश की सोशल मीडिया पोस्‍ट के बाद माना जा रहा है कि गठबंधन बनाए रखने को लेकर अभी भी उम्‍मीद बनी हुई है. अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस इसको लेकर क्या रुख अपनाती है.

Exit mobile version