यूपी चुनावः कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का बदला ठिकाना, फाजिलनगर से लड़ सकते हैं चुनाव
राहुल गांधी के साथ अजय कुमार लल्लू (File Photo)
कुशीनगर से आसिफ खान की रिपोर्ट
Ajay Kumar Lallu Seat Shift: उत्तर प्रदेश की सियासत में कुशीनगर की फाजिलनगर विधानसभा सीट को लेकर हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और तमकुहीराज से दो बार विधायक रह चुके अजय कुमार लल्लू इस बार अपनी पुरानी सीट छोड़कर फाजिलनगर से चुनाव लड़ सकते हैं. सूत्रों की मानें तो समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर फाजिलनगर सीट कांग्रेस के खाते में आ गई है. कांग्रेस ने यह सीट अजय कुमार लल्लू के लिए मांगी है. ऐसे में माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में लल्लू फाजिलनगर से अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत कर सकते हैं.
इस बीच अजय कुमार लल्लू ने फाजिलनगर में अपनी सक्रियता भी बढ़ा दी है. क्षेत्र के लोगों से मुलाकात और कार्यकर्ताओं से संपर्क का सिलसिला शुरू हो चुका है. स्थानीय स्तर पर लोगों से मिलना-जुलना और क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी को आगामी चुनाव की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है.
दो बार विधायक रहे हैं अजय कुमार लल्लू
अजय कुमार लल्लू की पहचान कुशीनगर की राजनीति में एक जमीनी नेता के तौर पर रही है. उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी. वर्ष 2012 में कांग्रेस ने उन्हें तमकुहीराज विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा और उन्होंने जीत दर्ज कर पहली बार विधानसभा में जगह बनाई. इसके बाद 2017 में भी उन्होंने भाजपा की मजबूत लहर के बीच अपनी सीट बचाई और लगातार दूसरी बार विधायक बने. दो बार विधायक रहने के बाद पार्टी में उनका कद लगातार बढ़ा. कांग्रेस ने उन्हें विधायक दल में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी और बाद में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया. प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए भी वह लगातार सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों पर मुखर रहे. हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें तमकुहीराज सीट से हार का सामना करना पड़ा. अब पांच साल बाद उनकी नजर पड़ोसी विधानसभा क्षेत्र फाजिलनगर पर है.
अजय कुमार लल्लू की राजनीति की अगर बात करें, तो उनकी आंदोलन और संघर्ष में अहम भूमिका रही है. प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करना और सरकार के सामने सवाल खड़े करना उनकी राजनीति का हिस्सा रहा है. कुशीनगर से लेकर प्रदेश के दूसरे हिस्सों तक कई आंदोलनों में उनकी सक्रियता देखने को मिली है. आंदोलनों के दौरान उन्हें कई बार जेल भी जाना पड़ा.
पिछड़ा, दलित और मुस्लिम समाज में मजबूत पकड़
अजय कुमार लल्लू की राजनीति का एक अहम पक्ष पिछड़े, दलित और मुस्लिम समाज के बीच उनकी पकड़ मानी जाती है. फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र में भी पिछड़े वर्गों की बड़ी आबादी है. इसके अलावा दलित और मुस्लिम मतदाता भी चुनाव में अहम भूमिका निभाते हैं. ऐसे में लल्लू की इन सामाजिक वर्गों के बीच मानी जाने वाली स्वीकारता उनके लिए फायदेमंद हो सकती है.
अगर कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी का संगठन भी पूरी ताकत से उनके पक्ष में उतरता है तो चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प हो सकता है. हालांकि, इसके लिए उन्हें स्थानीय स्तर पर भी लोगों का भरोसा जीतना होगा.
जातीय समीकरण पर रहेगी सबकी नजर
फाजिलनगर की राजनीति में पिछड़े वर्गों की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है. मौर्य-कुशवाहा, यादव और कुर्मी-सैंथवार जैसे वर्गों की अच्छी मौजूदगी के साथ दलित, मुस्लिम और सवर्ण मतदाता भी चुनावी नतीजों को प्रभावित करते हैं. ऐसे में अजय कुमार लल्लू के सामने सभी वर्गों के बीच अपनी स्वीकारता बढ़ाने की चुनौती होगी. तमकुहीराज में उनकी पुरानी राजनीतिक पहचान जरूर है, लेकिन फाजिलनगर में उन्हें नए सिरे से अपना जनसंपर्क मजबूत करना होगा.
तीन चुनावों से BJP के कब्जे में है फाजिलनगर सीट
फाजिलनगर विधानसभा सीट पर पिछले तीन विधानसभा चुनावों से भाजपा का कब्जा रहा है. साल 2012 में भाजपा के गंगा सिंह कुशवाहा ने इस सीट से जीत दर्ज की थी. इसके बाद 2017 में भी उन्होंने अपनी जीत बरकरार रखी. लगातार दो बार विधायक रहने के बाद गंगा सिंह कुशवाहा के बेटे सुरेंद्र कुमार कुशवाहा को साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने टिकट दिया. पेशे से शिक्षक सुरेंद्र कुशवाहा ने भी जीत दर्ज कर इस सीट पर भाजपा का कब्जा बरकरार रखा.
फाजिलनगर सीट वैसे भी काफी सुर्खियों में रही है. क्योंकि समाजवादी पार्टी ने पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य को यहां से चुनाव मैदान में उतारा था. जिन्हें भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र कुमार कुशवाहा ने बड़े अंतर से हराया. अब इसी सीट पर कांग्रेस की ओर से अजय कुमार लल्लू के नाम की चर्चा ने चुनावी समीकरण को फिर से दिलचस्प बना दिया है. पिछली बार स्वामी प्रसाद मौर्य जैसे बड़े राजनीतिक चेहरे को यहां हार का सामना करना पड़ा था. ऐसे में लल्लू के सामने भी भाजपा के मजबूत चुनावी आधार को चुनौती देने की बड़ी जिम्मेदारी होगी.
इन मुद्दों पर रहेगा फोकस
फाजिलनगर में ग्रामीण इलाकों में सड़क, जलनिकासी, स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा, रोजगार, किसानों की समस्याएं और बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के मुद्दे चुनाव में अहम हो सकते हैं. इन मुद्दों को लेकर लल्लू किस तरह लोगों के बीच अपनी बात रखते हैं, इस पर भी नजर रहेगी.
फिलहाल, फाजिलनगर की सियासत में अजय कुमार लल्लू के नाम की चर्चा तेज है. अब देखना होगा कि सीट बंटवारे और प्रत्याशी को लेकर गठबंधन की तरफ से औपचारिक ऐलान कब होता है और फाजिलनगर की जनता इस संभावित नए सियासी मुकाबले को किस रूप में लेती है.



